आगरा।आगरा के महिला थाने में पति की हरकतों और ससुराल वालों की मारपीट से तंग आकर एक महिला ने केस दर्ज कराया है। आरोप है कि पति नशीली गोलियां खिलाने के बाद हाथ-पैर बांधकर शारीरिक शोषण करता है। विरोध पर मारपीट करता है।
2019 में हुई थी शादी
महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी नवंबर 2019 में राजस्थान के एक युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति व अन्य ससुराल वाले मारपीट करते हैं। परेशान होकर कई बार मायके आ गई तो उन्होंने भी हर बार वापस पति के साथ भेज दिया। पति के साथ रहने से मना किया तो भी उत्पीड़न किया गया। पति कहता है कि ‘मेरी नहीं तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा।’
कमरे में बंद कर की पिटाई
पीड़ित पत्नी ने आरोप लगाया कि 14 फरवरी को पति और अन्य ससुराल वालों ने कमरे में बंद कर लाठी, डंडे और लोहे की सरिया से पिटाई की। वो चीखती रही, लेकिन ससुराल वालों को रहम नहीं आया। इसके बाद उसे कमरे में ही बंद कर दिया गया।