दुनिया

जापान में हालिया भूकंप का असर, समुद्र तट से 820 फीट पीछे चला गया : रिपोर्ट

जापान में हालिया भूकंप ने समुद्र तट की दृश्यावली ही बदल दी है। भूकंप के कारण समुद्र तट ऊपर उठ गए। इस कारण समुद्र 800 फीट से भी ज्यादा पीछे चला गया। इस कारण नावों को बड़ी दिक्कतें हो रही हैं।

जापान में नए साल की शुरुआत होते ही खतरनाक भूकंप से हाहाकार मच गया। भूकंप के चलते सुनामी की चेतावनी भी दी गई। हालांकि सुनामी नहीं आई लेकिन इसी बीच में खतरनाक भूकंप के चलते समुद्र तट का नजारा ही बदल गया। भूकंप के बाद एक दो फीट नहीं बल्कि समुद्र 820 फीट पीछे चला गया। यही नहीं, भूकंप के बाद जापान के तट ऊपर उठ गए जिससे समुद्र पीछे चला गया।

सैटेलाइट तस्वीरों के अनुसार जापान में पहली जनवरी 2024 को आए भयानक भूकंप के बाद उसके तट 800 फीट से ज्यादा खिसक गए हैं। जापान के नोटो प्रायद्वीप में साल के पहले दिन 7.6 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप के बाद सुनामी के डर से नोटो प्रायद्वीप के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया था। इसके बाद वहां की जमीन में फर्क दिखाई दे रहा है। कई द्वीप समंदर से थोड़ा ऊपर उठ गए हैं।

सैटेलाइट से ली गयी तस्वीरों के अनुसार भूकंप की वजह से कई तट सूख से गए हैं। अब तटों पर नावों का पहुंचना मुश्किल हो गया है और जहां पहले पानी था अब वहां सूखा हुआ है। पानी काफी पीछे चला गया है।