विशेष

Video:ईद के दिन मॉल के बाहर 100 से ज्यादा लड़कों को गले लगाने वाली लड़की आई सामने-डिप्रेशन में चली गईं मां

आखिरकार ईद के मौके पर लड़कों से गले मिलने वाली लड़की अब सामने आ ही गई है। लाइन लगाकर लड़कों से ईद मिलने वाली अलीशा मलिक ने उलमा से माफी मांगी है। अलीशा इस बात से बहुत दुखी हैं कि कुछ लोगों ने उनके इस वीडियो का सोशल मीडिया पर जमकर मजाक बनाया है। उन्होंने कहा- ‘मुझे ऐसी उम्मीद नहीं थी कि मेरे कपड़ों पर सवाल उठाया जाएगा। लोग भद्दे कमेंट कर रहे हैं तो दुख हो रहा है। अब तो लड़का-लड़की बराबर हैं। दुनिया को इन बातों से ऊपर उठना चाहिए।

मीडिया के सामने आई अलीशा ने कहा कि उनका मकसद ईद पर लोगों को खुशी बांटना था। यदि उलमा को उनके व्यवहार में कुछ गलत लगा तो वह माफी मांगती हैं। अलीशा ने यह भी कहा कि लोग अपनी सोच को इतना नीचा न करें। सोच बड़ी करके देखें। लड़कियों को भी अपने सलीके से जीने की आजादी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पिता के साथ गोवा में इस तरह का कार्यक्रम देखने के बाद उन्हें ऐसा वीडियो बनाने का ख्याल आया था।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में हिमगिरी की निवासी अलीशा मलिक दिल्ली से स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं। फिल्म जगत में जाने का सपना देख रही अलीशा ने कई फिल्म और टीवी धारावाहिकों में भी काम की तलाश शुरू कर दी है। ईद पर अपना वीडियो वायरल होने के बाद लोगों के बीच चर्चा का विषय बनीं अलीशा ने इस बारे में खुलकर मीडिया से बातचीत की।

अलीशा ने बताया कि उनके वीडियो पर लोग अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं। इससे परिवार वाले काफी दुखी हैं और उनके घर से निकलने पर भी रोक लग रही है। उनकी मां डिप्रेशन में चली गई हैं। अलीशा ने कहा कि लोग अपनी सोच को बदलें। ईद पर गले मिलने वाले किसी भी लड़के ने उनके साथ बदसलूकी नहीं की। वह भी एक मुस्लिम लड़की हैं और मुस्लिम तौर तरीकों को समझती हैं। उनके कुछ रिश्तेदार भी उन्हें ताने दे रहे हैं। अलीशा ने कहा- ‘उलमा को यदि बुरा लगा है तो मैं माफी मांगती हूं। मैं सस्ती लोकप्रियता हासिल करना नहीं चाहती थी। अपने दम पर फिल्म जगत में स्थान पाना चाहती हूं।’

अलीशा का मकसद वीडियो को वायरल करना नहीं था। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल के लिए यह वीडियो बनाया था। उनका मकसद 100 लोगों को गले मिलकर ईद की बधाई देना था। 100 वें नंबर पर ईद मिलने वाले शख्स के लिए उन्होंने एक सरप्राइज गिफ्ट भी रखा था। इसमें एक टैडी और काफी सारे चॉकलेट्स थे। उन्होंने कहा कि वह पहले वेव शापिंग मॉल गईं। इसके बाद विशाल मेगा मार्ट। यहां उनका 100 लोगों से ईद मिलने का लक्ष्य पूरा हो गया।