देश

BIG BREAKING : मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई : वीडियो

 

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इससे पहले गोली लगने के बाद उन्हें बेहद गंभीर हालत में लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बता दें कि बाबा सिद्दीकी को उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के दफ्तर बांद्रा खेरवाड़ी सिग्नल के पास गोली मारी गई थी। इस वारदात के बाद बेहद गंभीर हालत में बाबा सिद्दीकी को लीलावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।

बाबा सिद्दीकी के पेट में लगी थी दो गोलियां
जानकारी के मुताबिक, इस वारदात के दौरान बाबा सिद्दीकी के पेट में दो गोलियां और एक गोली सीने में लगी थी। उनपर कुल तीन गोलियां चलाई गईं थी। वहीं इस मामले में मुंबई पुलिस ने दो लोगों को मौके से गिरफ्तार भी किया है। इस वारदात के बाद मुंबई पुलिस ने आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है।

बाबा सिद्दीकी के बारे में जानिए
बाबा सिद्दीकी मुंबई में अल्पसंख्यक वर्ग के बड़े नेताओं में शुमार थे। लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने महाराष्ट्र कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि बाद में वे अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी में शामिल हो गए थे। बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी भी राजनीति में सक्रिय हैं। बाबा सिद्दीकी बांद्रा पश्चिम सीट से 1999, 2004 और 2009 में तीन बार विधायक रह थे और महाराष्ट्र में कांग्रेस की सरकार में मंत्री भी रहे। बाबा सिद्दीकी महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलेपमेंट अथॉरिटी के मुंबई डिवीजन का अध्यक्ष पद भी संभाल चुके थे। 2014 के विधानसभा चुनाव में बाबा सिद्दीकी को भाजपा नेता आशीष शेलार ने हराया था।

शिवसेना उद्धव गुट का सरकार पर हमला
शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा, अगर हमारे शहर मुंबई में पूर्व विधायक सुरक्षित नहीं हैं, अगर सरकार के नेता सुरक्षित नहीं हैं, तो यह सरकार आम लोगों की सुरक्षा कैसे करेगी? अगर वे अपने विधायकों और पूर्व मंत्रियों को सुरक्षित नहीं रख सकते हैं, तो गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्हें गृह मंत्री के रूप में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। एकनाथ शिंदे को राज्य के सीएम के रूप में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। मुंबई की सड़कों पर दिनदहाड़े गोलीबारी हो रही है। तीन राउंड फायरिंग की जा रही है और लोगों को गोली मारी जा रही है… क्या यही कानून व्यवस्था है?…अपराधियों को कोई डर नहीं है… महायुति और भाजपा की नीतियों ने राजनीति को बदनाम कर दिया है।

भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद अशोक चव्हाण ने कहा, बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जब वह कार्यालय से निकले तो तीन हमलावरों ने गोलीबारी कर दी। उन्होंने चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया है। यह बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है।

शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने एक्स पर लिखा, बाबा सिद्दीकी की हत्या चौंकाने वाली है। हम उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं और उनके परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। यह दुख घटना महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था की स्थिति को दर्शाता है। प्रशासन, कानून एवं व्यस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई

प्रियंका चतुर्वेदी ने कानून और व्यवस्था पर उठाए सवाल
शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, बाबा सिद्दीकी के बारे में दुखद खबर सामने आई है। वह पूर्व मंत्री रह चुके हैं। तीन बार के विधायक रहे हैं और उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी। उनकी मुंबई के बांद्रा जैसे इलाके में दिनदहाड़े हत्या की गई है। सवाल यह उठता है कि आझ मुंबई में कानून और व्यवस्था कहां है? यदि इस तरह की सुरक्षा में एक व्यक्ति की हत्या की जा सकती है, तो आम लोग कितने सुरक्षित महसूस करेंगे।

मामले की जांच कर रही अपराध शाखा: अतिरिक्त पुलिस आयुक्त
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त परमजीत सिंह दहिया ने कहा, घटना रात करीब साढ़े नौ बजे यह घटना निर्मल नगर में हुई। इस घटना के बाद बाबा सिद्दीकी को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा पूरे मामले की जांच कर रही है।

आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए: रामदास अठावले
राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी के निधन पर रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, बाबा सिद्दीकी पर गोलीबारी की घटना की जांच होनी चाहिए। मैं अभी अस्पताल से आया हूं। मैं उनके परिवार से मिला। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

राकांपा (शरद चंद्र पवार) सांसद सुप्रिया सुले ने एक्स पर लिखा, हैरान करने वाली खबर है। बाबा सिद्दीकी हमारे बीच नहीं रहे। बताया जा रहा है कि उन्हें मार दी गई। यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है। जब सरकार के सहयोगी दल का एक सदस्य खुद के बेटे के कार्यालय में सुरक्षित नहीं है और मारा जाता है, तो यह महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति के बारे में बहुत कुछ कहता है।
विज्ञापन

मुंबई पुलिस ने बताया कि बाबा सिद्धिकी हत्या मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गोलीबारी में 9.9 एमएम पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया था।

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने एक्स पर लिखा, राकांपा नेता और पूर्व राज्य मंत्री बाबा सिद्दीकी पर गोलीबारी की घटना दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और दुखद है। मैं यह जानकर हैरान हूं कि इस घटना में उनकी मौत हो गई। मैं अपने अच्छे सहयोगी और मित्र को खो दिया है। मैं इस कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा करता हूं। बाबा सिद्दीकी को मेरी हार्दिक श्रद्धांजलि।

गोलीबारी की घटना दुर्भाग्यपूर्ण, बिगड़ती कानून-व्यवस्था चिंता का विषय: शरद पवार
राकांपा (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने एक्स पर लिखा, राज्य में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति चिंता का विषय है। मुंबई में पूर्व राज्य मंत्री बाबा सिद्दीकी पर गोलीबारी दुर्भाग्यपूर्ण है। इसकी न केवल जांच करने की आवश्यकता है, बल्कि जिम्मेदारी स्वीकार कर पद से हटने की जरूरत है। बाबा सिद्दीकी को श्रद्धांजलि। उनके परिवार के प्रति संवेदना।

OCT-अस्पताल के बाहर कड़ी की गई सुरक्षा
राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद लीलावती अस्पताल के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों अस्पताल परिसर और आसपास सुरक्षा उपायों को सख्त किया है, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके। अस्पताल में आने-जाने वालों की गहन जांच की जा रही है।