मध्य प्रदेश में दुष्कर्म और गैंगरेप के दिल दहला देने वाले मामले अक्सर सामने आते रहते हैं। रीवा जिले से भी अब ऐसा ही एक मामला सामने आया है। 21 अक्तूबर को शहर के गुढ़ थाना क्षेत्र की पहाड़ी पर आठ बदमाशों ने दरिंदगी की हद पार कर दी। इन बदमाशों ने पति के साथ घूमने आई महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बदमाशों ने पति के साथ मारपीट की और उसे पेड़ से बांध दिया। इसके बाद उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपियों ने पति और पत्नी के वीडियो भी बना लिए। करीब एक घंटे तक पीड़ित दंपति आरोपियों के चंगुल में रहे। इससे भी ज्यादा हैरानी की बात यह रही है कि 21 अक्तूबर को हुई इस दरिंदगी की घटना को पुलिस छिपाए रही, ताकि 23 अक्तूबर को रीवा में होने वाले रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में खलल न पड़े। अब पुलिस ने दंपति के साथ दरिंदगी करने वाले आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आइए, जानते हैं इस घटना की झकझोर देने वाली कहानी…।