देश

झारखंड : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तुलना चूहों से की, कहा- आरएसएस चूहों की तरह राज्य में प्रवेश कर रही है

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तुलना चूहों से की। साहिबगंज के भोगनाडीह में एक रैली में सीएम सोरेन ने कहा कि आरएसएस चूहों की तरह राज्य में प्रवेश कर रही है। उनके इस बयान पर भाजपा ने तुरंत पलटवार किया। भाजपा की तरफ से कहा गया कि आरएसएस चूहे नहीं बल्कि हिंदू शेर हैं। इसके साथ ही पार्टी ने झारखंड के मुख्यमंत्री पर राजनीतिक लाभ के लिए बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया।

गुरुवार को साहिबगंज के भोगनाडीह में एक रैली में हेमंत सोरेन ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा की ओर इशारा करते हुए कहा कि भाजपा हिंदू और मुस्लिम समुदायों के बीच फूट डालने का काम कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि आरएसएस चूहों की तरह राज्य में प्रवेश कर रही है और इसे नष्ट कर रही है। जब आप लोग देखें कि ये लोग हांडिया और दारू के साथ आपके गांवों में प्रवेश कर रहे हैं तो ऐसे तत्वों को बाहर खदेंड़ें। वे चुनाव के लिए सांप्रदायिक अशांति और तनाव पैदा कर रहे हैं।

हेमंत सोरेन के बयान पर भाजपा का पलटवार
हेमंत सोरेन के इस बयान पर झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता और भाजपा नेता अमर कुमार बाउरी ने तुरंत पलटवार किया। उन्होंने कहा, “हेमंत सोरेन ने आरएसएस की तुलना चूहों से की। यह उन हिंदू शेरों का अपमान है जो सनातन धर्म की महिमा को बहाल करने के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। सोरेन जॉर्ज सोरोस की तर्ज पर काम कर रहे हैं। वे राजनीतिक लाभ के लिए बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण दे रहे हैं।” बता दें कि सोरोस हंगरी में जन्में अमेरिकी अरबपति हैं। भाजपा उनपर भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था को निशाना बनाने का आरोप लगाती रही है, ताकि उनके द्वारा चुने गए लोगों को सरकार चलाने का मौका मिले।

हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए अमर कुमार बाउरी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री केवल अपने परिवार और अपने कल्याण के बारे में चिंतित हैं। उन्होंने कहा, “भोगनाडीह, जहां से उन्होंने कहा कि 188 के संथाल विद्रोह का मुख्य केंद्र यही रहा है। यहां कोई जनसांख्यिकीय परिवर्तन नहीं हुआ। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि कैसे वहां 40000 में से केवल सात ही संथाल परिवार शेष बचे थे। अगर वहां कोई जनसांख्यिकीय परिवर्तन नहीं हुआ तो वे अचानक से कहा गायब हो गए?”

बता दें कि 30 जून 1955 में बड़ी संख्या का संथाल के भोगनाडीह में इकट्ठा हुए और खुद को स्वतंत्र घोषित कर दिया। उन्होंने सिद्धो मुर्मू के नेतृत्व में शपथ ली। कांहू मुर्मू ने ब्रिटिश शासकों और उनके एजेंटों के खिलाफ आखिरी सांस तक लड़ाई लड़ी।

गुरुवार को रैली में सोरेन ने असम के मुख्यमंत्री की झारखंड में उपस्थिति पर सवाल किया। उन्होंने कहा कि उनके राज्य के आदिवासियों को अत्याचार का सामना करना पड़ रहा है। सीएम सोरेन ने इस मामले में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को चिट्ठी भी लिख चुके हैं।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा पर हमला बोला

रांची।झारखंड में इसी साल संभावित विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने चहलकदमी तेज कर दी है। गुरुवार को एक रैली के दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता जाति-धर्म के नाम पर जनता को भड़का रहे हैं। वहीं रक्षा मंत्री और भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने कहा कि भ्रष्ट होने के बाद भी सोरेन खुद को शहीद बताते हैं। उनको सत्ता से बाहर करें।

रांची में एक समारोह के दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि उन्होंने राज्य के लगभग 1.77 लाख किसानों का 400 करोड़ रुपये के कृषि ऋण माफ किया है। पहले सरकार ने 50,000 रुपये तक के कृषि ऋण माफ कर दिए थे। अब उसने दो लाख रुपये तक के कृषि ऋण माफ करने का फैसला किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव करीब है, इसलिए भाजपा नेता पूरे राज्य में मंडरा रहे हैं। कई चेहरे तो ऐसे हैं, जो पहले नहीं देखे होंगे। वे केवल एक बार दिखाई देंगे और चुनाव के बाद वे गायब हो जाएंगे। भाजपा नेता सांप्रदायिक तनाव फैला रहे हैं और जाति और धर्म के नाम पर लोगों को भड़का रहे हैं। इनसे सावधान रहें।

सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार तीन कृषि कानूनों के माध्यम से देश के किसानों को व्यापारियों को बेचने की तैयारी में थी। किसानों ने लगभग एक साल तक कृषि कानूनों का विरोध किया और सरकार को उन्हें रद्द करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

सोरेन ने कहा कि केंद्र के पास किसानों की आय दोगुनी करने, एमएसपी बढ़ाने और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए पैसा नहीं है, लेकिन अपने पूंजीवादी दोस्तों के ऋण माफ करने के लिए पैसे का कोई संकट नहीं है। सोरेन बोले कि हमारी सरकार ने समाज के हर वर्ग के लिए काम किया है और उनकी रोटी, कपड़ा और मकान जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा किया है। हमने कृषि ऋण, बिजली बकाया माफ कर दिया है और 200 यूनिट तक बिजली की खपत मुफ्त कर दी है।

उन्होंने भाजपा पर झामुमो सरकार को दो साल तक परेशान करने का आरोप लगाया। कहा कि जब वे अपने प्रयास में विफल रहे, तो उन्होंने मुझे झूठे आरोपों में सलाखों के पीछे डाल दिया।

राजनाथ सिंह बोले- नाटक कर रहे भ्रष्ट सीएम सोरेन

धनबाद में परिवर्तन रैली के दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाने के बाद शहीद होने का नाटक कर रहे हैं। ऐसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री झारखंड को विकास की ओर नहीं ले जा सकते। इनको बाहर का रास्ता दिखाएं। उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास के लिए भाजपा को लगातार दो कार्यकाल दें।

रक्षा मंत्री ने झामुमो सरकार पर राजनीतिक लाभ के लिए घुसपैठ और धर्मांतरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने एक राष्ट्र-एक चुनाव को लेकर कहा कि इससे सरकारी खजाने को चार लाख करोड़ रुपये की बचत हो सकती है, क्योंकि लगातार चुनावों से देश को लगभग सात लाख करोड़ रुपये का नुकसान होता है। राजनाथ सिंह ने विदेश में भारत की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भी आलोचना की।

भाजपा सत्ता में आई तो किसानों को मिलेंगे प्रति एकड़ पांच हजार रुपये: शिवराज
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने झारखंड में गुरुवार को एलान किया कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनी तो किसानों को पांच एकड़ पर प्रति एकड़ पांच हजार की सहायता मिलेगी। साथ ही धान की खरीद 3100 रुपये प्रति क्विंटल पर की जाएगी। इसके अलावा झामुमो सरकार की मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना के तहत दी जाने वाली सहायता से दोगुनी वित्तीय सहायता देने की भी घोषणा की गई।

गुमला जिले के सिसई में भाजपा की परिवर्तन यात्रा में चौहान ने कहा कि झारखंड में पिछली भाजपा सरकार किसानों को पांच एकड़ तक के लिए प्रति एकड़ पांच हजार रुपये सालाना देती थी, लेकिन झामुमो सरकार ने इसे बंद कर दिया। अगर भाजपा राज्य में सत्ता में लौटती है, तो योजना बहाल की जाएगी। चौहान ने कहा कि झामुमो सरकार ने पांच साल पहले खाना पकाने की लागत के रूप में दो हजार रुपये देने का वादा किया था, लेकिन उसने वादा पूरा नहीं किया। झामुमो सरकार ने युवाओं को पांच लाख नौकरियां और बेरोजगार युवाओं को 5,000 रुपये से 7,000 रुपये भत्ता देने का वादा किया था, लेकिन उन्हें कुछ नहीं दिया सरकारी क्षेत्र में 2.87 लाख से अधिक पद खाली हैं। मैं वादा करता हूं कि अगर भाजपा सत्ता में आती है, तो हमारी सरकार पहली कैबिनेट बैठक में सभी रिक्त पदों को भरने के प्रस्ताव को मंजूरी देगी।

चौहान ने आरोप लगाया कि झामुमो सरकार में महिलाएं और पुरुष सुरक्षित नहीं हैं। पिछले पांच साल में झारखंड में दुष्कर्म के 7,400 से अधिक मामले, अपहरण के लगभग 6,000 मामले और 7,000 से अधिक हत्याएं हुई हैं।