देश

जाति जनगणना कराना कांग्रेस पार्टी की गारंटी है, भाजपा और आरएसएस देश को बांट रहे हैं : जयराम रमेश

आगामी लोकसभा चुनाव से पहले सियासी दल मतदाताओं के लिए तरह-तरह की गारंटी की घोषणा कर रहे हैं। इसी बीच, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने मंगलवार को कहा कि जाति जनगणना कराना कांग्रेस पार्टी की गारंटी है। वह ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के अंतिम चरण में प्रवेश करने से पहले नंदुरबार में पत्रकारों से बात कर रहे थे।

‘समाज का एक्स-रे होगा जाति जनगणना’
इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर देश को बांटने और समाज का ध्रुवीकरण करने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस महासचिव ने कहा, “हमने सामाजिक, आर्थिक, और जातिगत जनगणना की गारंटी दी है। यह हमारे समाज का एक्स-रे होगा, जो हमें विभिन्न जातियों की आबादी और हमारे देश की संपत्ति में उनकी हिस्सेदारी को दिखाएगा। यह हमारे लोकतांत्रिक संस्थानों में उनकी हिस्सेदारी को दिखाएगा।”

नंदुरबार से नेहरू-गांधी परिवार का पुराना नाता
नंदुरबार जिला नेहरू-गांधी परिवार के साथ अपने संबंधों के लिए जाना जाता है। इस आदिवासी बहुल जिले में सतपुड़ा की पर्वत श्रृंखलाएं और नर्मदा नदी घाटी है। उत्तर महाराष्ट्र का नंदुरबार जिला गुजरात मध्यप्रदेश को भी छूता है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बेटे राजीव गांधी भी यहीं से चुनाव प्रचार का श्रीगणेश करते थे।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 1998 में नंदुरबार में एक विशाल जनसभा की थी जिसके बाद वह राजनीति में सक्रिय हुईं थी। यहीं से सोनिया गांधी ने घोषणा की थी कि वह कभी सत्ता का कोई भी पद ग्रहण नहीं करेंगी। उसके बाद साल 1998 में हुए चुनाव में लोकसभा की 48 सीटों में से कांग्रेस ने 33 पर जीत दर्ज की थी।

‘कांग्रेस राजनीतिक पार्टी, संतों का संगठन नहीं’
रमेश ने कहा, भारत जोड़ो न्याय यात्रा एक राजनीतिक रैली है। लेकिन यह किसी राजनीतिक अभियान का हिस्सा नहीं है। यह एक राजनीतिक लक्ष्य और विचारधारा पर आधारित है। उन्होंने कहा, कांग्रेस एक राजनीतिक पार्टी है, संतो का संगठन नहीं है। हम कुछ चुनाव जीत सकते हैं और कुछ हार सकते हैं, जो एक वास्तविकता है। लेकिन वर्तमान में भाजपा और आरएसएस समाज को बांटने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। आरएसएस और भाजपा की सभी नीतियां विभाजनकारी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रवैया और नीतियां विभाजनकारी हैं।

समाज का ध्रुवीकरण कर रहे पीएम मोदी
उन्होंने आरोप लगाया कि वे (पीएम मोदी) समाज में ध्रुवीकरण तेज करने पर फोकस कर रहे हैं। इसका मुकाबला करने के लिए पहले ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और अब ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ हमारी बूस्टर खुराक होने जा रही है।