दुनिया

क्यूबा के राष्ट्रपति का 22 वर्ष बाद ईरान दौरा

इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति का कहना है कि दोनों देशों की क्षमताओं का अदान प्रदान, प्रतिबंधों को नाकाम बना सकता है।

सोमवार की शाम अपने क्यूबाई समकक्ष के साथ संयुक्त प्रेस कांफ़्रेंस में राष्ट्रपति सैयद इब्राहीम रईसी ने ज़ोर दिया कि वर्चस्ववादी व्यवस्था के विरोध की वजह से दोनों देशों को अमेरिकी प्रतिबंधों का सामना करना पड़ रहा है।

उनका कहना था कि इन प्रतिबंधों को जो चीज़ बेअसर कर सकती है वह दोनों देशों के बीच क्षमताओं का आदान-प्रदान है।


राष्ट्रपति ने क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज़-कैनेल के साथ एक संयुक्त प्रेस कांफ़्रेंस में 22 वर्षों के बाद तेहरान की उनकी यात्रा को दोनों देशों के बीच संबंधों के विस्तार में एक महत्वपूर्ण मोड़ क़रार दिया औरर कहा कि तेहरान और हवाना, कई क्षेत्रों में एक समान दृष्टिकोण रखते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देशों के बीच विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अच्छा सहयोग है जिसका एक प्रभाव एक सफल सहयोग के रूप में क्यूबा की भागीदारी के साथ वैक्सीन का विकास था।

राष्ट्रपति सैयद रईसी ने कहा कि दोनों देशों के पास नैनोटेक्नोलॉजी और बायोटेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भी अच्छी क्षमताएं और उपलब्धियां हैं और इन क्षमताओं के आदान-प्रदान से दोनों देशों को कई फ़ायदे हो सकते हैं।

क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज़-कैनेल ने भी इस प्रेस कांफ़्रेंस में कहा कि तेहरान और हवाना के बीच संबंध ऐतिहासिक हैं जो सम्मान और एकजुटता पर आधारित हैं और संबंधों का इतिहास 40 से अधिक वर्षों का है।