देश

इस्राईल ने भारत से हमास को आतंकवादी संगठन घोषित करने की अपील की

इस्राईल के राजदूत नाओर गिलोन का कहना है कि इस्राईल ने भारत से हमास को आतंकवादी संगठन घोषित करने की अपील की है।

पत्रकारों से बातचीत में गिलोन ने कहा कि 7 अक्तूबर को इस्राईल पर आतंकवादी हमले के बाद, जिसमें लगभग 1,200 लोग मारे गए थे, इस्राईल ने भारतीय अधिकारियों से हमास को एक आतंकवादी संगठन के रूप में नामित करने के लिए कहा है।

उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि भारत हमास को भारत में आतंकवादी संगठन घोषित करे। गिलोन ने यह भी संकेत दिया कि यह अनुरोध पहले भी भारत से किया गया था।

उन्होंने हमास के खिलाफ आतंकवाद विरोधी अभियानों में इस्राईल को 100 प्रतिशत समर्थन देने के लिए भारत को धन्यवाद दिया।

गिलोन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आतंकी हमले की निंदा करने वाले पहले विश्व नेताओं में थे। भारत दुनिया में एक बहुत ही महत्वपूर्ण नैतिक आवाज़ है और हमारे लिए महत्वपूर्ण देश हमारे साथ हैं।

उन्होंने कहा कि भारत हमारे आतंकवाद विरोधी अभियानों में मज़बूती से हमारा समर्थन कर रहा है।

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार गिलोन ने कहा कि इस्राईल के लिए यह युद्ध मध्यपूर्व में जीवित रहने के लिए है। उन्होंने कहा कि इस्राईल, हमास को ख़त्म करने पर प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि हमास के ख़िलाफ़ इस्राईल की कार्यवाहियों का उद्देश्य, संगठन को ‘पहले की गई क्रूरता’ को दोहराने से रोकना है।