लखनऊ। केंद्रीय राज्यमंत्री (आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय) कौशल किशोर के ठाकुरगंज के फरीदीपुर इलाके में बेगरिया रोड पर स्थित नए आवास पर बृहस्पतिवार रात उनके बेटे विकास किशोर की लाइसेंसी पिस्टल से एक भाजपा कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त आवास पर भाजपा कार्यकर्ता व विकास किशोर के पांच-छह दोस्त मौजूद थे। जानकारी होने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। बरामद पिस्टल को फोरेंसिक टीम ने जांच के लिए कब्जे में ली है। मंत्री का दावा है कि वारदात के वक्त विकास नहीं था, वह दिल्ली में है। पुलिस हर एक पहलू पर तफ्तीश कर रही है। उधर शव को जब शव घर पहुंचा तो करीब पौन घंटे तक सड़क पर जाम लगाया। पुलिस अफसराें ने समझाबुझाकर मामला शांत कराया।
मंत्री कौशल किशोर का बेटा विकास किशोर भाजपा में अनुसूचित मोर्चा में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष है। विकास के साथ फरीदीपुर निवासी विनय श्रीवास्तव(24) पिछले आठ साल से रह रहा था। बतौर भाजपा कार्यकर्ता वह काम करता था। बृहस्पतिवार रात मंत्री के बेगरिया रोड वाले आवास पर विनय श्रीवास्तव अपने अन्य दोस्तों अरुण प्रताप सिंह उर्फ बंटी, शमीम वर्मा उर्फ बाबा, अंकित वर्मा, अजय रावत व एक दो अन्य लोगाें के साथ था। देर रात घर के भीतर कमरे में ही विकास की लाइसेंसी पिस्टल से विनय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुबह करीब पौने पांच बजे पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बरामद पिस्टल को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा है। उसके फिंगर प्रिंट के नमूने लिए गए हैं। बैलियस्टिक जांच भी कराई जाएगी।
वारदात के बाद तड़के 4:35 बजे मंत्री के रिश्तेदार अंकुर ने विनय के सबसे छोटे भाई विक्रांत को फोन किया। कहा कि तुम्हारा भाई विनय इस दुनिया में नहीं रहा। अभी अपनी मां को ये मत बताना। मंत्री के नए वाले आवास पर आ जाओ। वहीं आवास पर मौजूद अंकित वर्मा ने तड़के 4:47 बजे पुलिस कंट्रोल में घटना की सूचना दी। मतलब हत्या होने के बाद वहां मौजूद लोगों ने पहले मंत्री व उनके रिश्तेदारों को जानकारी दी। फिर परिवार और आखिर में पुलिस को सूचना दी।
मंत्री कौशल किशोर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को ही उनका बेटा विकास किशोर दिल्ली गया था। वह आवास पर नहीं था। उन्हाेंने कहा कि मामले में गहनता से जांच हो। जो भी दोषी हो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो। वहीं घटना के बाद फेसबुक पर बेचालाल नाम के फेसबुक एकाउंट से पोस्ट की गई एक तस्वीर सामने आई। जो बृहस्पतिवार शाम को फ्लाइट के भीतर क्लिक की गई। जिसमें बेचालाल के साथ विकास किशोर भी है। विकास को जिस फ्लाइट से दिल्ली जाने की बात कही जा रही है वह शाम 4:30 बजे की थी। जिसका बोर्डिंग टाइम शाम 4:05 का था।
शक के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। सर्विलांस के साथ साथ घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे हैं। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा। – राहुल राज, डीसीपी पश्चिम
घटना के बाद जब संदिग्ध हिरासत में लिए गए तो उनका कहना था कि विनय ने खुद ही गोली मार ली। यही बात उन्हाेंने विनय के परिवार वालों से भी कही थी। मगर, ये बात गले नहीं उतर रही। इसलिए पुलिस सख्ती से आरोपियों से पूछताछ कर रही है। फोरेंसिक टीम से भी घटनास्थल की गहनता से जांच कराई है।