दिल्ली

रूस ने किया ओडिसा पोर्ट पर भीषण ड्रोन हमला, सब कुछ तहस-नहस!

रूस और यूक्रेन के बीच जंग तेज हो गई है। एक दिन पहले यूक्रेन ने रूस की राजधानी मॉस्को को ड्रोन हमले से निशाना बनाया तो 24 घंटे के अंदर ही रूसी सेना ने यूक्रेन के ओडिसा बंदरगाह पर फिर बड़ा ड्रोन हमला किया।

हमला इतना घातक था कि बंदरगाह के महत्वपूर्ण ढांचे तहस-नहस हो गए हैं। ड्रोन हमले से ओडिसा पोर्ट पर भीषण आग लग गई है। हालांकि मौतों के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं है। इससे पहले भी रूस ने यूक्रेन के सबसे महत्वपूर्ण इस पोर्ट को कई बार ड्रोन हमले से निशाना बनाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रूसी सैनिकों ने यूक्रेन के ओडिसा क्षेत्र स्थित बंदरगाह को गत रात अपने ड्रोन से निशाना बनाया। यूक्रेन की सेना ने यह जानकारी दी। यूक्रेनी सेना के मुताबिक रूस के ड्रोन हमले से अनाज को ढोने के लिए लगा एलिवेटर क्षतिग्रस्त हो गया और वहां के ढांचे में आग लग गई जो देश से अनाज निर्यात के लिए अहम था।

यूक्रेन से ओडिसा बंदरगाह के रास्ते विश्व बाजार में अनाज के निर्यात की अनुमति दिए जाने के बाद से रूस इस शहर को अपना निशाना बना रहा है। जानकारी के मुताबिक 17 जुलाई से अब तक रूसी बलों ने ओडेसा बंदरगाह और वैकल्पिक मार्ग के तौर पर इस्तेमाल किए जा रहे क्षेत्र के नदी पर दर्जनों बार ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया है।

यूक्रेनी सेना की दक्षिणी कमान ने बताया है कि दुश्मन का स्पष्ट निशाना क्षेत्र के बंदरगाह और औद्योगिक संरचनाएं हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बुधवार सुबह अपने टेलीग्राम संदेश में कहा कि रूसियों ने एक बार फिर बंदरगाह, अनाज संग्रहण सुविधा और वैश्विक खाद्य सुरक्षा को निशाना बनाया जिसका दुनिया को जवाब देना चाहिए।