देश

रुड़की : युवक की मौत के बाद विवाद, ग्रामीणों ने पुलिस पर की पत्थरबाज़ी, पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, 700 लोगों के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज!

रुड़की बेलडा गांव में सोमवार को हुए बवाल के मामले में पुलिस ने 700 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही गिरफ्तारी को लेकर पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है। उधर गांव में तनाव को देखते हुए अब भी पुलिस बल तैनात है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि बवाल करने वाले 700 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जबकि 13 लोगों गिरफ्तार किया गया है।

बवालियो पर सरकारी कार्य में बाधा डालने हत्या का प्रयास करने समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी ने बताया कि युवक की मौत के मामले में भी गांव निवासी अमन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही मामले की जांच की जा रही है।

ANI_HindiNews
@AHindinews
रुड़की (उत्तराखंड): संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति की हत्या के बाद ग्रामीणों ने पुलिसकर्मी पर हमला किया। कई पुलिसकर्मी घायल हुए। (12.06)

अजय सिंह (एसएसपी, हरिद्वार) ने बताया, “दो पक्षों के बीच हुई विवाद में एक पक्ष के बेटे की मृत्यु हो गई थी उसमें पक्ष द्वारा हत्या की बात कही गई थी लेकिन जांच में पता चला कि ये सिर्फ ऐक्सीडेंट था। हमने फिर भी कहा कि आप थाने में आकर तहरीर दें। लेकिन भीड़ में शामिल जो कुछ अराजक तत्व थे उनकी कोशिश कुछ बवाल करने की थी। हमारे टीम पर पथराव हुआ जिससे हमारे सब इंस्पेक्टर और कांस्टेबल घायल हो गए। यहां पर 144 लागू कर दिया गया है अभी यहां शांति है। दो से ढाई दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। षड्यंत्र द्वारा ये किया गया है।

 

पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े
रुड़की में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से युवक की मौत के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों ने पुलिस पर पत्थरबाजी कर दी। इसमें दो इंस्पेक्टर, एक दरोगा समेत पांच लोग घायल हो गए। उपद्रवियों ने एक बाइक को भी आग के हवाले कर दिया। बवाल बढ़ने पर पुलिस ने पहले तो आंसू गैस के गोले छोड़े, लेकिन हालात नियंत्रण में न आने पर लाठीचार्ज किया। देर शाम गांव की 10 किलोमीटर की परिधि में धारा 144 लागू कर दी गई। देर रात जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने पथराव करने वाले करीब 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस से की धक्कामुक्की और हाथापाई
रविवार रात सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित बेलड़ा गांव निवासी पंकज (35) बाइक से अपने गांव लौट रहा था। रात 11 बजे के करीब वह ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। सोमवार को युवक के परिजन और ग्रामीणों ने कुछ लोगों पर सरिये से हमला करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली घेर ली। दोपहर बाद लोगों ने पुलिस से धक्कामुक्की और हाथापाई भी की। पुलिस ने लाठियां फटकारकर किसी तरह लोगों को वहां से खदेड़ा तो लोग बेलड़ा गांव पहुंच गए। हाईवे जाम करने की आशंका के चलते भारी पुलिस बल भी वहां पहुंच गया। यहां ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें दो इंस्पेक्टर, एक दरोगा घायल हो गए। घायल पुलिस अधिकारियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का दावा है कि रात आठ बजे तक बवाल शांत कर लिया गया था।