दुनिया

अब पाकिस्तान को भी रियायती दरों पर तेल बेचेगा रूस, पाकिस्तान ने रूस से तेल ख़रीदने के लिए अपना पहला ऑर्डर दिया!


रूस ने भारत की तरह ही अब पाकिस्तान को भी रियायती दरों पर कच्चा तेल बेचने का फ़ैसला किया है, जिसके बाद पाकिस्तान ने रूस से तेल ख़रीदने के लिए अपना पहला ऑर्डर दिया है।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के साथ इंटरव्यू में पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री मुसद्दिक़ मलिक ने कहा कि कुछ दूसरे देशों की तरह उनका देश भी रूस से रियायती दरों पर कच्चा तेल ख़रीदने के लिए प्रयास कर रहा था, जिस पर रूस ने सहमति जता दी है।

उन्होंने कहा कि यह एक बड़ा क़दम है। मलिक दिसम्बर 2022 में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ रूस गए थे और उन्होंने तेल और गैस ख़रीदने के लिए बातचीत की थी।

हालांकि पाकिस्तानी मंत्री ने यह नहीं बताया कि रूस से किस क़ीमत पर और किस मुद्रा में कच्चा तेल ख़रीदा जाएगा।

पाकिस्तान प्रति दिन रूस से 1 लाख बैरल और सालाना 3.6 करोड़ बैरल कच्चा तेल आयात कर सकेगा।

भारत और चीन भी रूस से रियायती दरों पर कच्चा तेल ख़रीद रहे हैं। दोनों ही देशों ने क़ीमतों को सार्वजनिक नहीं किया है। ऐसा कहा जा रहा है कि दोनों देश उस निर्धारित क़ीमत का उल्लंघन कर रहे हैं, जो अमरीका ने रूसी कच्चे तेल के लिए तय की है।

पाकिस्तान परंपरागत रूप से सऊदी अरब, क़तर और संयुक्त अरब अमीरात से तेल ख़रीदता रहा है। लेकिन अब इस देश के लोगों का मानना है कि पाकिस्तान को सिर्फ़ अरब देशों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसे अपनी तेल ज़रूरतों को पूरा करने के लिए दूसरे देशों से भी तेल ख़रीदना चाहिए।