उत्तर प्रदेश राज्य

शाहजहांपुर/कलान : बेटी की ससुराल होली मिलने आयी महिला की गोली मारकर हत्या : रिपोर्ट

सच अब तक
===========
बेटी की ससुराल होली मिलने आयी महिला की गोली मारकर हत्या
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस
समधन के बेटे ने तमंचे की बट से हमलावर को लहुलुहान किया
महिला बेटे के साथ दामाद के घर आई थी
सीओ, एसएचओ मौके पर पहुंचे

शाहजहांपुर/कलान । होली मिलने आई बेटी की ससुराल में नशे में धुत दामाद के चाचा से मामूली बातचीत होने पर महिला रिश्तेदार (समधन) की गोली मार कर हत्या कर दी। घटना के बाद भाग रहे हमलावर को मृतका के बेटे आैर बेटी ने दौड़ाकर पकड़ लिया आैर तमंचा छीन कर ताबड़तोड़ प्रहार कर हमलावर को भी लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने घायल हमलावर को इलाज के लिए अस्पताल भेजा है।

घटना आज सुबह की है। चन्दा देवी पत्नी राजवीर निवासी दिवियापुर थाना मदनापुर अपने बेटे सोनू के साथ थाना परौर क्षेत्र के ग्राम खजुरी में अपने दामाद मुनेश के घर होली मिलने आई थी। बताया जा रहा है कि मुनेश के चाचा पप्पू शराब के नशे में घर आया। चन्दा देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पप्पू ने चन्दा देवी के कनपटी पर सटाकर तमंचे से गोली मार दी। गोली लगने से चन्दा देवी छटपटाकर जमीन पर गिर गई। बेटे सोनू व बहन सुनीता ने पप्पू को दौड़ाकर पकड़ लिया। सोनू ने पप्पू को उसी के तमंचे की बट से लहूलुहान कर दिया। यह खबर पूरे गांवमें आग की तरह फैल गयी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गयी। इसी दौरान पुलिस को भी सूचना दी गयी। पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों ने लहूलुहान पप्पू को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घायल पप्पू को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

इस हत्याकाण्ड में एसएसपी एस आनंद ने बताया कि खजुरी गांव में पप्पू सिंह का रिश्तेदार सोनू से विवाद हो गया। पप्पू सिंह ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली सोनू की मां चन्दा देवी को लगी। चन्दा देवी को अस्पताल ले जाया गया। वहां उनकी मौत हो गई है। सोनू ने भाग रहे पप्पू को पकड़ लिया। उसी के तमंचे की बट से पप्पू को लहूलुहान कर दिया है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।