दुनिया

रूस ने इस्राईल को चेतावनी दी, अगर यूक्रेन को हथियार और सैन्य उपकरणों की आपूर्ति की तो जवाबी कार्यवाही के लिए तैयार रहे तेल-अवीव!

रूस ने इस्राईल को चेतावनी दी है कि अगर उसने यूक्रेन को हथियार और सैन्य उपकरणों की आपूर्ति की तो वह भी जवाबी कार्यवाही करेगा।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक़, मॉस्को ने तेल-अवीव को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उसने सीधे या किसी तीसरे पक्ष के माध्यम से यूक्रेन को हथियार दिए तो उसके ख़िलाफ़ कड़ी कार्यवाही की जाएगी, हालांकि रूस की तरफ़ से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि वह किसी तरह की जवाबी कार्यवाही करेगा।

सूत्रों का कहना है कि ज़ायोनी शासन, यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति के मुद्दे को गर्म कर रहा है।

रूस ने यह चेतावनी इस्राईल में आम चुनावों के नतीजे आने के बाद दी है, जिसमें पूर्व ज़ायोनी प्रधान मंत्री बिंजामिन नेतनयाहू की जीत हुई है। हालांकि नेतनयाहू को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के साथ अच्छे संबंधों के लिए जाना जाता है।

पिछले महीने रूस के पूर्व राष्ट्रपति देमित्री मेदवेदेव ने धमकी दी थी कि अगर इस्राईल ने यूक्रेन को हथियार दिए तो रूस के साथ उसके संबंध समाप्त हो जायेंगे और यह एक बहुत ही बेहूदा क़दम होगा।

17 अक्तूबर को इस्राईल के एक मंत्री नैचमैन शाइ ने दावा किया था कि ईरान, रूस को हथियारों की आपूर्ति कर रहा है, इसलिए अब इस्राईल को भी यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति करनी चाहिए। हालांकि तेहरान और मॉस्को कई बार इस तरह के आरोपों को ख़ारिज कर चुके हैं।