देश

महाराष्ट्र अपडेट : हां महाराष्ट्र में ईडी की मदद से सरकार बनी है : देवेंद्र फ़डणवीस

महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से चल रहा सियासी ड्रामा धीरे-धीरे शांत हो रहा है। नई सरकार का गठन हो चुका है। एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके हैं। फडणवीस उपमुख्यमंत्री बने हैं। इस बीच विधानसभा के विशेष सत्र का आज दूसरा दिन है। इस दौरान विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई। पहले ध्वनिमत से बहुमत पर फैसला होना था। हालांकि, विपक्ष ने इस पर एतराज जताया। इसके बाद मतदान के जरिए कार्यवाई शुरू की गई। शिंदे के पक्ष में 164 वोट पड़े, उन्होंने विश्वास मत हासिल कर लिया है।

हां महाराष्ट्र में ईडी की मदद से सरकार बनी है : फडणवीस
विधानसभा में उप मुख्यमंत्री देवेंद्र पणडवीस ने कहा कि ये सरकार ईडी की मदद से बनी है। इसमें E मतलब Eknath Shinde और D मतलब Devendra Fadnavis है।

सदन से बाहर निकल गए आदित्य ठाकरे
आदित्य ठाकरे समेत शिवसेना के कई विधायक विश्वास मत के बाद सदन से चले गए हैं।

शिंदे के खिलाफ 99 वोट
महाराष्ट्र विधानसभा में फ्लोर टेस्ट की कार्यवाही के दौरान एकनाथ शिंदे के खिलाफ 99 वोट पड़े हैं। वहीं शिंदे के समर्थन में 164 वोट पड़े। वहीं देरी से आने के कारण पांच विधायक वोटिंग प्रक्रिया में हिस्सा नहीं ले सके।

एकनाथ शिंदे के समर्थन में 164 वोट
बहुमत परीक्षण की कार्यवाही के बीच एकनाथ शिंदे के पक्ष में 164 वोट पड़े हैं। उन्होंने बहुमत हासिल कर लिया है। हालांकि, इसका औपचारिक एलान होना बाकी है। वहीं विपक्ष की ओर से मतदान शुरू हो गया है।

संजय बांगड ने शिंदे को दिया वोट
विधानसभा में बहुमत परीक्षण पर मतदान की कार्यवाही जारी है। इस बीच शिवसेना के नए बागी विधायक संतोष बांगड ने शिंदे के समर्थन में वोट किया है। बांगड कल तक उद्धव गुट की तरफ थे। अब शिवसेना के बागी विधायकों की संख्या 40 हो गई है।

सुप्रीम कोर्ट पहुंचा व्हिप विवाद
शिंदे व उद्धव गुट के बीच व्हिप विवाद सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। शिवसेना की तरफ से वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर की तरफ से एकनाथ शिंदे गुट की ओर से जारी व्हिप को मान्यता देने का मामला उठाया। उन्होंने कहा, स्पीकर को यह अधिकारी नहीं है, क्योंकि पार्टी अभी भी उद्धव गुट की है। सुप्रीम कोर्ट इस मामले पर भी 11 जुलाई को सुनवाई करेगा।

शिंदे पक्ष के विधायकों को वोटिंग शुरू
विधानसभा में शिंदे पक्ष के विधायकों ने वोटिंग शुरू कर दी है। शिंदे व उद्धव गुट के विधायक अलग-अलग बैठे हैं।

आदित्य ठाकरे पहुंचे विधानसभा
महाराष्ट्र विधानसभा में बहुमत परीक्षण की कार्यवाही शुरू हो चुकी है। दोनों गुट के विधायक विधानसभा पहुंच चुके हैं। हालांकि, आदित्य ठाकरे कुछ देर से विधानसभा पहुंचे।

मतदान के जरिए होगा बहुमत परीक्षण
महाराष्ट्र विधानसभा में बहुमत परीक्षण की कार्यवाही शुरू हो गई है। पहले ध्वनिमत के जरिए बहुमत परीक्षण होना था। हालांकि, विपक्ष के एतराज के बाद अब वोटिंग के जरिए फ्लोर टेस्ट होगा।

शिंदे के साथ दिखे शिवसेना विधायक
महाराष्ट्र में बहुमत परीक्षण से पहले उद्धव ठाकरे को एक और झटका लगा है। सूत्रों के मुताबिक, उद्धव गुट का एक और विधायक शिंदे गुट में शामिल हो गया है। दरअसल, शिवसेना विधायक संतोष बांगड की तस्वीरें एकनाथ शिंदे व उनके गुट के विधायकों के साथ सामने आई हैं। संतोष बांगड आज सुबह होटल से शिंदे गुट के विधायकों के साथ निकले थे और उनके साथ विधानसभा पहुंचे।

शिंदे गुट में शामिल हो सकता है एक और विधायक
फ्लोर टेस्ट से पहले उद्धव ठाकरे को एक और झटका लग सकता है। खबर है कि उनका एक और विधायक शिंदे गुट का दामन थाम सकता है। पहले ही 39 विधायक बगावत कर चुके हैं।

अजित पवार होंगे नेता विपक्ष
सत्ता से बाहर होने के बाद उद्धव गुट ने एनसीपी नेता व राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार को नेता विपक्ष चुना है।

शिंदे व भाजपा अस्थाई व्यवस्था- संजय राउत
महाराष्ट्र में जारी सियासी उठापटक और फ्लोर टेस्ट से पहले संजय राउत ने एक बार फिर बागी विधायकों व भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, राजनीति में पैसा ही सबकुछ नहीं होता। पार्टी को कमजोर करने की साजिश रची गई, बदले की भावना से पार्टी को तोड़ा गया। उन्होंने कहा विधायकों का जाना अस्थाई है। वे विधायक शिवसेना में शेर थे, अब लोगों के बीच भी नहीं जा सकते हैं। उनको इतनी सुरक्षा दी गई है, जितनी कसाब को भी नहीं मिली थी। आखिर वे किससे डरते हैं?

11 बजे शिंदे सरकार का बहुमत परीक्षण
महाराष्ट्र की नई शिंदे सरकार का असल इम्तेहान अभी बाकी है। आज 11 बजे से विधानसभा में एकनाथ शिंदे सरकार को बहुमत साबित करना होगा। जानकारी के मुताबिक, थोड़ी देर में शिंदे गुट के विधायक विधानसभा पहुंचेंगे।

उद्धव ठाकरे गुट को बड़ा झटका
एकनाथ शिंदे-भाजपा सरकार के महत्वपूर्ण विश्वास मत से एक दिन पहले उद्धव ठाकरे गुट को बड़ा झटका लगा। रविवार रात महाराष्ट्र विधानसभा के नवनियुक्त अध्यक्ष ने शिवसेना विधायक अजय चौधरी को विधायक दल के नेता के पद से हटा दिया। स्पीकर राहुल नार्वेकर के कार्यालय द्वारा जारी एक पत्र ने शिंदे को शिवसेना के विधायक दल के नेता के रूप में बहाल किया गया और ठाकरे गुट से संबंधित सुनील प्रभु को हटाकर शिंदे खेमे से भरत गोगावाले को शिवसेना के मुख्य सचेतक के रूप में नियुक्त किया।

अब व्हिप पर शुरू हुआ घमासान
महाराष्ट्र की सियासत में अब व्हिप को लेकर घमासान शुरू हो गया है। एक तरफ उद्धव गुट का आरोप है कि शिंदे खेमे के विधायकों ने उनके व्हिप का पालन नहीं किया तो अब शिंदे गुट के मुख्य सचेतक भरत गोगावाले ने विधानसभा अध्यक्ष के सामने याचिका दायर की है। इसमें कहा गया है कि पार्टी के 16 विधायकों ने व्हिप का पालन ने हीं किया, ऐसे में इन 16 विधायकों को निलंबित करने की कार्रवाई की जाए। इसके बाद इन विधायकों को नोटिस जारी करने की तैयारी है।

शिवसेना ने जिला अध्यक्षों की बुलाई बैठक
महाराष्ट्र में फ्लोर टेस्ट के बीच आज शिवसेना ने जिला अध्यक्षों की बैठक बुलाई है। दोपहर में होने वाली यह बैठक मुंबई स्थित सेना भवन में आयोजित होगी। इस बीच खबर है कि स्थानीय चुनाव के लिए उद्धव ठाकरे राज्य का दौरा भी कर सकते हैं।

एनसीपी में भी उठापटक की अटकलें
शिवसेना के बाद अब एनसीपी में भी उठापटक के कयास लगाए जा रहे हैं। दरअसल, रविवार को स्पीकर के चुनाव के लिए हुए मतदान में एनसीपी के पांच विधायकों ने भाग नहीं लिया था। 53 में से 46 विधायक ही विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में हिस्सा लेने के लिए विधान भवन पहुंच पाए। हालांकि, इनमें नवाब मलिक और अनिल देशमुख जेल में बंद हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आरएल नरवेकर 164 मतों के साथ अध्यक्ष चुने गए। महा विकास अघाड़ी गठबंधन की पार्टियां राकांपा, कांग्रेस और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने स्पीकर पद के लिए शिवसेना के विधायक राजन साल्वी को अपने उम्मीदवार के रूप में नामित किया था। लेकिन साल्वी को केवल 107 मत मिले जिसके कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

छह महीने में गिर जाएगी शिंदे सरकार- पवार
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी(एनसीपी) प्रमुख शरद पवार ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र में मध्यावधि चुनाव होने की संभावना है क्योंकि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार अगले छह महीनों में गिर सकती है। उन्होंने यह बयान रविवार की शाम को एनसीपी विधायकों और पार्टी के अन्य नेताओं को संबोधित करते हुए दिया। शरद पवार ने कहा कि शिंदे का समर्थन कर रहे कई बागी विधायक मौजूदा व्यवस्था से खुश नहीं हैं। एक बार मंत्री विभागों का बंटवारा हो जाने के बाद उनकी अशांति सामने आएगी, जिसके परिणामस्वरूप अंततः सरकार गिर जाएगी।

व्हिप को लेकर विवाद
महाराष्ट्र में स्पीकर के चुनाव को लेकर शिवसेना की ओर से व्हिप जारी किया गया था। पार्टी के दोनों गुटों शिंदे गुट और ठाकरे गुट ने अपने विधायकों को लेकर व्हिप जारी किया था। अब व्हिप जारी करने को लेकर विवाद हो गया है और यह विवाद चुनाव आयोग तक पहुंच सकता है। शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि अध्यक्ष चुनने को लेकर 39 विधायकों ने हमारे व्हिप का पालन नहीं किया है। शिंदे गुट के पास 39 विधायकों की ताकत है। उद्धव ठाकरे के साथ उनके बेटे आदित्य समेत 16 विधायक हैं। ताजा घटनाक्रम में शिवसेना के उद्धव ठाकरे धड़े ने भी शिंदे समेत उनके साथ गए सभी विधायकों को अयोग्य ठहराने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

विधानसभा में बोले फडणवीस- हां, महाराष्ट्र में ये ED की सरकार है
विधानसभा अध्यक्ष बनते ही राहुल नार्वेकर ने उद्धव गुट को बड़ा झटका दिया है। उन्होंने विधायक दल के नेता के रूप में अजय चौधरी की नियुक्ति को खारिज कर दिया है। वहीं एकनाथ शिंदे को ही विधायल दल का नेता बनाया गया है और भरत गोगावल को चीफ व्हिप बनाया गया है।