देश

पाकिस्तानी नौसेना ने ग्वादर के पास डूबे भारतीय जहाज़ जमना सागर से 9 भारतीयों को बचाया, 1 शव बरामद!

पाकिस्तानी नौसेना ने ग्वादर के पास डूबे भारतीय जहाज़ जमना सागर से 9 मछुआरों को सुरक्षित बचाया है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, पाकिस्तान की समुद्री सीमी में भारतीय जहाज़ के डूबने से 1 मछुआरे के मारे जाने की सूचना है। पाकिस्तानी नौसेना ने ग्वादर के पास डूबे भारतीय जहाज़ जमना सागर से 9 मछुआरों को सुरक्षित भी बचाया है। यह जहाज़ अरब सागर में 10 क्रू सदस्यों के साथ डूब गया था। इस जहाज़ ने डूबते हुए सहायता के लिए अनुरोध किया था। जिसके बाद पाकिस्तान मैरिटाइम इंफॉर्मेशन सेंटर ने पास के एक मर्चेंट शिप एमटी क्रुइबेके से डूबते हुए जहाज़ के फंसे हुए दल को आवश्यक सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया। इस मर्चेंट शिप ने जमना सागर पर सवार चालक दल के 9 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया। शिप बचाए गए भारतीय नागरिकों को लेकर अपने अगले पड़ाव दुबई बंदरगाह चला गया, जहां उन्हें सुरक्षित उतार लिया गया है। पाकिस्तानी नौसेना ने अपने एक शिप और दो हेलीकॉप्टरों को भी उस क्षेत्र में सर्च एंड रेस्क्यू मिशन के लिए भेजा।


इस टीम ने जहाज़ के डूबने से लापता हुए चालक दल के एक सदस्य का शव बरामद किया। शव को आगे की कार्यवाही के लिए पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी (पीएमएसए) के अधिकारियों को सौंप दिया गया है। पाकिस्तानी मीडिया का दावा है कि कार्यवाही पूरा होने के बाद शव को भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। इस मिशन को लेकर पाकिस्तानी नौसेना अपने भारतीय समकक्षों के संपर्क में है। अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि यह जहाज़ ग्वादर के पास कैसे डूबा। जहाज़ के चालक दल से पूछताछ के बाद ही इस घटना के कारण से पर्दा उठ सकता है। पाकिस्तानी मौसम विभाग के अनुसार, घटना के समय ग्वादर के आसपास मौसम अच्छा था। समुद्र में लहरें भी सामान्य थीं। ऐसे में डूबने के कारणों में मौसम के ख़राब होने की संभावना बेहद कम कम है।