उत्तर प्रदेश राज्य

मेरठ : छेड़छाड़ और ब्लैकमेलिंग से आहत दसवीं की 14 वर्षीय छात्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी!

मेरठ।कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव में छेड़छाड़ और ब्लैकमेलिंग से आहत दसवीं की 14 वर्षीय छात्रा ने बृहस्पतिवार दोपहर फंदा लगाकर जान दे दी। आरोपी शिवा (35) वीडियो क्लिप वायरल की धमकी देकर पीड़िता को ब्लैकमेल कर रहा था। उसकी करतूत से तंग आकर छात्रा ने ट्यूशन जाना छोड़ दिया था। छात्रा की मां ने आरोपी के खिलाफ कंकरखेड़ा थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया है। पुलिस केस दर्ज कर आरोपी को तलाश रही है।

छात्रा अपने चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। वह गांव के ही कॉलेज में कक्षा दसवीं की पढ़ाई कर रही थी। मां ने आरोप लगाया कि आरोपी शिवा उनकी बेटी को करीब तीन महीने से छेड़छाड़ कर परेशान कर रहा था। अब वीडियो क्लिप वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल भी करने लगा था। आरोपी ने छात्रा का घर से निकलना भी मुश्किल कर दिया था। आरोपी के परिजनों से शिकायत की, लेकिन उन्होंने पीड़ित परिवार को ही धमकी देना शुरू कर दिया था। आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।

बृहस्पतिवार को छात्रा घर पर अकेली थी। दोपहर के समय उसने कमरे में पंखे पर दुपट्टे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। छात्रा का छोटा भाई घर पहुंचा। उसने देखा दरवाजा अंदर से बंद था। उसने खिड़की से झांककर देखा तो छात्रा का शव पंखे पर लटका था। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दरवाजा तोड़कर परिजन और लोग मकान के अंदर घुसे। पुलिस ने शव पंखे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी के परिवार के चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

राष्ट्रीय महिला आयोग में शिकायत की, सदस्य पहुंची
पीड़ित परिवार ने राष्ट्रीय महिला आयोग में शिकायत की। जिस पर महिला आयोग की सदस्य मीनाक्षी भराला भी मौके पर पहुंच गईं। मीनाक्षी भराला ने बताया कि छात्रा के साथ आरोपी कई महीने से छेड़छाड़ और ब्लैकमेल करता था। इससे आहत होकर छात्रा ने आत्महत्या की है।

शुक्रवार को था अंग्रेजी का पेपर
मां ने बताया कि बेटी पढ़ने में बहुत होशियार थी। शुक्रवार को बेटी की दसवीं की अंग्रेजी की परीक्षा थी। बोर्ड परीक्षा के लिए काफी तैयारी कर रही थी। लेकिन आरोपी की हरकतों से परेशान होकर छात्रा घर पर ही तैयारी कर रही थी। बेटी की मौत पर परिजनों को यकीन नहीं हो रहा है। मां ने रोते हुए कहा की बेटी पढ़ लिखकर नाम रोशन करने की बात कहती थी।

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि शिवा व अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

आरोपी से परेशान एक महिला ने भी दी थी जान
शिवा के छेड़छाड़ करने से परेशान होकर छह महीने पहले मोहल्ले की एक अन्य महिला ने भी खुदकुशी कर ली थी। महिला ने पड़ोस के युवक से प्रेम विवाह किया था। महिला की मौत के मामले में परिवार के लोगों ने कोई शिकायत नहीं की थी। इसके चलते आरोपी का हौंसला बढ़ गया था।

ये बोले एसएसपी
आरोपी शिवा के खिलाफ छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट, आत्महत्या के लिए उकसाने आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। छात्रा का सुसाइड नोट नहीं मिला है।
– डॉ. विपिन ताडा, एसएसपी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *