उत्तर प्रदेश राज्य

सीएम योगी ने मानसरोवर मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधि पूर्वक पूजा अर्चना की, कहा….

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का महाशिवरात्रि पर्व पर बुधवार सुबह से ही अनुष्ठान जारी रहा। इसके साथ ही शहर के अंधियारी बाग स्थित मानसरोवर मंदिर में सबसे पहले सीएम योगी ने पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधि पूर्वक पूजा अर्चना की।

इसके बाद वह राजघाट स्थित बाबा मुक्तेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ काजल अभिषेक कर फल फूल इत्यादि अर्पण किया। मंदिर के बाहर निकल कर उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत कर महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दी। इसके बाद कुनराघाट घाट स्थित महादेव झारखंडी मंदिर पहुंचे जहां वैदिक मंत्र उच्चारण के बीच उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक कर लोक कल्याण की कामना की।

राजघाट में बाबा मुक्तेश्वर नाथ मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाशिवरात्रि का यह पावन पर्व है। प्रयागराज में काशी में तथा सभी शिवालयों के साथ प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि महादेव कल्याण के देवता हैं। सबके कल्याण का भाव रखते हैं।

उनकी कृपा दृष्टि से ही यह सभी व्यवस्था संचालित हो पाती है। अपार श्रद्धा भाव के साथ श्रद्धालु जन यहां दर्शन कर रहे हैं। हर शिवालय में अपार भीड़ है। आस्था भारत की एकात्मता का प्रतीक है। इस आस्था को मैं नमन करता हूं। महाकुंभ प्रयागराज में अपार भीड़ है। 13 जनवरी से प्रारंभ हुआ महाकुंभ प्रयागराज आज पूर्णाहुति को प्राप्त करेगा।

लगभग 66 करोड़ श्रद्धालु जन मां गंगा, मां यमुना व मां सरस्वती कि त्रिवेणी में डुबकी लगाकर राष्ट्रीय एकात्मकता का एक संदेश दे रहे हैं। और वसुधैव कुटुंबकम के भाव के साथ हर एक श्रद्धालु जन को राष्ट्रीयता के भाव से समर्पण करने की एक प्रेरणा भी प्रदान कर रहे हैं। पावन स्नान पर हृदय से उनका अभिनंदन करते हैं।

बाबा विश्वनाथ धाम काशी में लाखों की संख्या में श्रद्धालु जन पिछले डेढ़ महीने से लगातार 8 से 10 लाख श्रद्धालु प्रतिदिन बाबा विश्वनाथ धाम में दर्शन कर रहे है। आज महाशिवरात्रि है। अयोध्या धाम में भी यही स्थिति है। 8 से 10 लाख श्रद्धालु प्रतिदिन वहां राम जन्मभूमि पर रामलाल के दर्शन कर रहे हैं। अयोध्या धाम में भी अपार भीड़ है।

प्रदेश के सभी शिव मंदिरों में यही स्थिति है। गाजियाबाद में बाबा दूधेश्वर नाथ धाम में भीड़ है। बरेली तो नाथनगरी के नाम से विख्यात है। उन्होंने विभिन्न शिवालयों के नाम व महत्व को भी बताया। कहा कि हम विभिन्न शिवालयों में दर्शन कर रहे श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हैं। मानसरोवर मंदिर ,बाबा मुक्तेश्वर नाथ मंदिर समेत अन्य मंदिरों में काफी भीड़ है।

उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि जिस लोक कल्याण की भाव की प्रेरणा महादेव से हम सबको प्राप्त होती है, उसे लोक मंगल की कामना से हम लोग अपने समाज के लिए अपने राष्ट्र के लिए समर्पण भाव के साथ कार्य कर पाएंगे।

सीएम योगा ने कहा- धमकाने, सताने और संपत्ति कब्ज़ा करने वालों पर रखें नज़र- सिखाएं कानूनी सबक़

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विश्व के सबसे बड़े आयोजन प्रयागराज महाकुंभ के आखिरी स्नान पर्व (महाशिव रात्रि) पर आज तड़के से ही ऑनलाइन निगरानी करते रहे। साथ ही देवाधिदेव महादेव की आराधना के इस विशेष पर्व पर आनुष्ठानिक व्यस्तता के बावजूद उन्होंने बुधवार सुबह जनता दर्शन में आए लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समस्याओं का समाधान शीघ्रता से किया जाए। आमजन को सताने, धमकाने और संपत्ति कब्जा करने वाले बदमाशों को कानूनी सबक सिखाया जाए। इसमें किसी भी तरह की शिथिलता या लापरवाही नहीं होनी चाहिए। हर समस्या का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतुष्टिपरक होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की हर पीड़ा का निवारण सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है।

जनता दर्शन में गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक सीएम योगी खुद पहुंचे और एक-एक करके सबकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। उन्होंने सबको आश्वस्त किया कि सरकार किसी के साथ अन्याय नहीं होने देगी।

सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित निस्तारण का निर्देश देने के साथ मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने अधिकारियों को यह भी हिदायत दी कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले, कमजोरों को उजाड़ने वाले किसी भी सूरत में बख्शे न जाएं। उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

हर किसी को मिलेगी इलाज में मदद
मुख्यमंत्री के समक्ष जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। सीएम योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए।

राजस्व व पुलिस से जुड़े मामलों को उन्होंने पूरी पारदर्शिता वह निष्पक्षता के साथ निस्तारित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी के साथ भी नाइंसाफी नहीं होनी चाहिए। हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी मदद की जाए।

बच्चों से ठिठोली कर सीएम योगी ने दिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन करने आए बच्चों पर खूब प्यार-दुलार बरसाया। उन्होंने इन बच्चों से खूब बातें की, हंसी-ठिठोली के बीच उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और फिर चॉकलेट गिफ्ट करते हुए उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।

गोरखपुर प्रवास के दौरान बुधवार सुबह सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर मत्था टेका। इसके बाद वह मंदिर परिसर का भ्रमण करने निकले।

भ्रमण के दौरान सीएम योगी की नजर परिजनों के साथ आए बच्चों पर पड़ी तो उन्होंने सबको अपने पास बुला लिया। सभी बच्चों से उनका नाम पूछा, कहां से आए हैं और किस क्लास में पढ़ते हैं, इसकी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बच्चों से बेहद आत्मीय तरीके से संवाद करने के साथ उनसे खूब हंसी ठिठोली भी की। सबको चॉकलेट गिफ्ट देकर और सबके माथे पर हाथ फेरकर प्यार-दुलार, आशीर्वाद दिया।