उत्तर प्रदेश राज्य

वाराणसी : बजरंग नगर कॉलोनी में पति ने लाइसेंसी बंदूक से पत्नी को गोली मार दी!

वाराणसी।वाराणसी के चांदपुर क्षेत्र की बजरंग नगर कॉलोनी में बुधवार की शाम घरेलू विवाद में सिक्योरिटी गार्ड ने लाइसेंसी बंदूक से पत्नी को गोली मार दी। पत्नी को गोली लगने के बाद सिक्योरिटी गार्ड घर छोड़ कर भाग गया। सूचना पाकर पहुंची मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। महिला के पेट में गोली लगी है। पुलिस आरोपी पति की तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ के रानीगंज हुसैनपुर का मूल निवासी चंद्रमोहन सिंह बजरंग नगर कॉलोनी में किराए के मकान में परिवार के साथ रहता है। शाम के समय पत्नी संगीता सिंह (45) से किसी बात को लेकर उसका विवाद हुआ। विवाद के दौरान ही उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से संगीता के पेट में गोली मार दी। इसके बाद बंदूक लेकर घर से भाग गया।

इस संबंध में मंडुवाडीह थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय ने बताया कि घरेलू विवाद में पति ने वारदात को अंजाम दिया है। घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीम लगाई गई है।