उत्तर प्रदेश राज्य

साधु वेश में जालसाज़, पुलिस ने कृष्ण बलराम मंदिर के पास से फ़रार आरोपी को दबोचा!

संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा।वृंदावन में महाराष्ट्र की बीड से लाखों रुपये की जालसाजी करके नगर में फरारी काट रहे जालसाज को 25 सितंबर को महाराष्ट्र पुलिस ने वृंदावन पुलिस की मदद से दबोच लिया। आरोपी करीब एक साल से यहां साधु वेश में शरण लिए था।

इंस्पेक्टर क्राइम धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि 25 सितंबर की मध्यरात को कृष्ण बलराम मंदिर के पास से जालसाज को दबोचा गया है। इसका नाम विश्वनाथ शिंदे (63) पुत्र विश्वनाथ निवासी राजीव गांधी चौक, क्रांति नगर रोड बीड है। महाराष्ट्र की शिवाजी नगर पुलिस के सब इंस्पेक्टर एसएस मोरकुटे और एएसआई तुलसीराम ने वृंदावन पहुंचकर कोतवाली पुलिस के संग कृष्ण बलराम मंदिर के पास से फरार आरोपी को दबोचा है। यह आरोपी करीब एक साल से महाराष्ट्र से फरार चल रहा था।

फिलहाल इस आरोपी को महाराष्ट्र शिवाजी नगर की पुलिस ले गई है। आरोपी यहां साधू वेश में फरारी काट रहा था। ज्ञात हुआ है यहां से पहले आरोपी ने नेपाल में भी शरण ली थी। फिलहाल लाखों रुपये की जालसाजी का आरोप है।