दुनिया

सऊदी अरब के जद्दा शहर में आज यूक्रेन युद्ध पर अंतर्राष्ट्रीय बैठक का आयोजन हो रहा, मास्को ने बयान किया अपना स्टैंड!

सऊदी अरब के जद्दा शहर में आज यूक्रेन युद्ध पर अंतर्राष्ट्रीय बैठक का आयोजन हो रहा है वहीं रूस के विदेश मंत्री ने पश्चिमी देशों की आलोचना करते हुए कहा है कि वो शांति के ज़ेलेन्स्की वर्जन को थोपने की कोशिश कर रहा है।

सऊदी अरब के मीडिया का कहना है कि इस बैठक का मक़सद यूक्रेन संकट को राजनैतिक और कूटनैतिक मार्गों से हल करने के लिए विचारों और नज़रियों को क़रीब लाना है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदमीर ज़ेलेन्स्की ने कहा कि जद्दा बैठक में अलग अलग महीद्वीपों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। उनका कहना था कि यह बैठक महत्वपूर्ण होगी क्योंकि अफ़्रीक़ा और एशिया में करोड़ों लोगों के भविष्य पर शांति प्रक्रिया का असर पड़ेगा।

वहीं रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ़ ने कहा कि पश्चिमी आक़ाओं को चाहिए कि वे यूक्रेन के राष्ट्रपति पर दबाव डालें कि वो यूक्रेन में बसने वाले रूसी मूल के लोगों और अन्य अल्पसंख्यकों के बारे में क्या सोच रखते हैं उसे बयान करें।

रूस के विदेश मंत्री ने कहा कि यूक्रेन में न्यायसंगत और स्थायी शांति के लिए जो भी कोशिशें की जाएंगी हम उसका सम्मान करेंगे।

रूसी मीडिया का कहना है कि सऊदी अरब ने रूस के विदेश मंत्रालय से कहा है कि बैठक के परिणामों के बारे में उसे सूचित किया जाएगा।

यह बैठक दो दिन चलेगी जिसमें 40 से 50 देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे जबकि सबसे प्रमुख पक्ष यानी रूस इसमें शामिल नहीं होगा।

चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि योरेशिया मामलों में चीन के राजदूत ली हुआ इस बैठक में हिस्सा लेंगे।

अमरीकी मैगज़ीन पोलिटिको ने लिखा कि इस बैठक का मक़सद यूरोपीय देशों, अमरीका और केनेडा के साथ भारत, ब्राज़ील और दक्षिणी अफ़्रीक़ा जैसे देशों को जमा करना है ताकि यूक्रेन जंग को रोकने के लिए की जाने वाली कोशिशों को मज़बूती मिले।

बैठक में खाद्यान्न सुरक्षा और ऊर्जा सुरक्षा जैसे विषयों पर भी बात होगी।