दुनिया

संयुक्त राष्ट्र संघ महासचिव ने एक बार फिर इस्राईली दरिंदगी की आलोचना : रिपोर्ट

संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने अपने हालिया बयान में एक बार फिर इस्राईल की दरिंदगी की आलोचना कर दी जिससे इस्राईल बुरी तरह झल्लाया हुआ है।

ग़ैर क़ानूनी ज़ायोनी शासन के विदेश मंत्री एली कोहेन ने कहा कि एंटोनियो गुटेरस को संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव के पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है।

कोहेन ने जेनेवा में पत्रकार सम्मेलन में कहा कि गुटेरस ने इलाक़े में किसी भी शांति प्रक्रिया को प्रोत्साहन नहीं दिया, उन्हें चाहिए कि बुलंद आवाज़ में कहें कि ग़ज़ा को हमास से मुक्त बनाया जाए।

इस बयान पर एंटोनियो गुटेरस के प्रवक्ता ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव अपना काम भरपूर संयम के साथ अंजाम दे रहे हैं और उसूलों के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं।

इससे पहले भी इस्राईल संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव पर प्रहार कर चुका हैं। गुटेरस ने 7 अक्तूबर के हमास के हमले के बाद कहा था कि इस हमले की कुछ वजहें और जड़ें हैं, यह हमला शून्य से नहीं हुआ है। इस बयान के बाद इस्राईली विदेश मंत्री ने उनके साथ अपनी निर्धारित मीटिंग रद्द कर दी थी और संयुक्त राष्ट्र संघ में ज़ायोनी शासन के राजदूत ने गुटेरस के त्यागपत्र की मांग की थी।