उत्तर प्रदेश राज्य

शामली : रामलीला में राम का अभिनय किया था, सचिन उपाध्याय की हत्या कर शव को बेरी के पेड़ पर लटकाया!

कस्बा गढ़ीपुख्ता में बस स्टैंड के पास 35 वर्षीय सचिन उपाध्याय की हत्या कर शव को बेरी के पेड़ पर लटका दिया। मृतक गैस एजेंसी पर सिलिंडर वितरण करने का कार्य करता था।

शुक्रवार सुबह कस्बे में बस स्टैंड के पास गुलाबी बाग के कब्रिस्तान में बेरी के पेड़ पर युवक का शव कपड़े के सहारे लटका हुआ मिला। सूचना पर भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। मृतक की पहचान सचिन पुत्र महेंद्र निवासी मोहल्ला जैनपुरी कस्बा गढ़ीपुख्ता के रूप में हुई। सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। एएसपी संतोष कुमार सिंह व सीओ थानाभवन श्रेष्ठा ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने वीडियोग्राफी कराते हुए जांच-पड़ताल की।

इसके बाद शव को उतरवाकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक मृतक कस्बे में गैस एजेंसी पर रेहड़े से घर-घर सिलिंडर वितरण का कार्य करता था। वह आर्टिस्ट भी था, इस साल उसने रामलीला में राम का अभिनय किया था। उसकी पत्नी, दो पुत्र व एक पुत्री है। एएसपी ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण का पता चल सकेगा। परिजनों की तरफ से अभी तहरीर नहीं मिली है।

मेरा बच्चा मारकर पेड़ पर लटका दिया
मृतक सचिन के पिता महेंद्र ने रोते हुए बताया कि उसके बच्चे को मारकर पेड़ से लटकाया गया है। उसका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता। उसे दो तीन फुट ऊंचे पेड़ के टहने से लटकाया गया है। उसके घुटने पूरी तरह मुड़े हुए जमीन पर लगे हुए हैं। उसकी हत्या की गई और आत्महत्या दिखाने के लिए पेड़ से लटका दिया।

सीसीटीवी फुटेज व कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मृतक का मोबाइल फोन घर पर चार्जिंग के लिए लगा हुआ मिला। पुलिस उसे कब्जे में लेकर उसकी कॉल डिटेल के आधार पर जांच कर रही है।

दिवाली पूजन के बाद पत्नी से कहासुनी होने पर घर से गया था
परिजनों ने बताया कि दिवाली पूजन के बाद रात आठ बजे पत्नी से मामूली कहासुनी हो गई थी। उसके बाद वह घर से चला गया था। रात में वह नहीं लौटा।