देश

राहुल गांधी के खिलाफ रची जा रही है साजिश, राहुल गांधी की जान को ख़तरा है : रिपोर्ट

शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने बुधवार को भाजपा और शिवसेना नेताओं के राहुल गांधी के खिलाफ दिए गए विवादित बयानों की आलोचना की। संजय राउत ने दावा किया कि राहुल गांधी के खिलाफ साजिश रची जा रही है और उनकी जान को खतरा है। संजय राउत ने भाजपा और शिवसेना नेताओं के विवादित बयानों पर प्रधानमंत्री मोदी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।

संजय राउत ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की चुप्पी पर उठाए सवाल
संजय राउत ने कहा कि ‘दिल्ली, लखनऊ और महाराष्ट्र के लोग एक ही भाषा बोल रहे हैं कि उनका (गांधी) वही हश्र होगा जो उनकी दादी (इंदिरा गांधी) और उनके पिता (राजीव गांधी) का हुआ था। गृह मंत्री और प्रधानमंत्री कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, इसका मतलब है कि वे ऐसे लोगों के साथ हैं जो ऐसी टिप्पणियां करते हैं।’ शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘हम इसकी (गांधी पर विवादित टिप्पणियों की) निंदा करते हैं और इन दोनों नेताओं (प्रधानमंत्री और गृहमंत्री) की चुप्पी की भी निंदा करते हैं। राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं और उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त है। जब आपकी पार्टी के लोग उन पर हमला करने की बात करते हैं और आप (प्रधानमंत्री और गृह मंत्री) चुप रहते हैं। तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।’

संजय राउत बोले- राहुल गांधी के खिलाफ रची जा रही साजिश

संजय राउत ने कहा, ‘राहुल गांधी के खिलाफ साजिश रची जा रही है और उनकी जान को खतरा है। कुछ लोग उन पर हमला करने की सोच रहे हैं।’ उल्लेखनीय है कि बीते दिनों राहुल गांधी ने अमेरिका का दौरा किया था। उस दौरे पर राहुल गांधी ने कहा था कि जब भारत एक निष्पक्ष जगह बन जाए तो कांग्रेस आरक्षण को खत्म करने के बारे में सोचेगी, लेकिन अभी भारत निष्पक्ष जगह नहीं है। इसे लेकर भाजपा और शिवसेना ने राहुल गांधी पर आरक्षण विरोधी बयान देने का आरोप लगाया। भाजपा के राज्यसभा सदस्य अनिल बोंडे ने कहा है कि राहुल गांधी की जीभ जला देनी चाहिए क्योंकि उन्होंने आरक्षण के बारे में जो कहा वह ‘खतरनाक’ था। भाजपा सांसद से पहले महाराष्ट्र के बुलढाणा से शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने भी राहुल गांधी के खिलाफ विवादित बयान दिया था। उन्होंने राहुल गांधी की जीभ काटने वाले शख्स को 11 लाख रुपये का इनाम देने का एलान किया था।

स्टालिन ने केंद्र से केंद्र से राहुल गांधी की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने बुधवार को कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी को ‘धमकी’ दिए जाने की मीडिया रिपोर्ट्स पर हैरानी जताई और केंद्र सरकार से राहुल गांधी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई करने की मांग की। सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में स्टालिन ने लिखा कि ‘भाजपा नेता की धमकी कि राहुल गांधी का भी उनकी दादी जैसा ही हश्र होगा, और शिवसेना के एक विधायक की जीभ काटने के लिए इनाम की घोषणा, साथ ही अन्य डराने वाली धमकियों की मीडिया रिपोर्ट्स से बहुत हैरान हूं। मेरे भाई राहुल गांधी के बढ़ते जन समर्थन ने कई लोगों को परेशान कर दिया है, जिसके कारण इस तरह की धमकियां दी जा रही हैं। केंद्र सरकार को विपक्ष के नेता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई करनी चाहिए। हमारे लोकतंत्र में धमकी और हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है।’

राहुल गांधी की जुबान बंद होनी चाहिए : भाजपा के राज्यसभा सदस्य अनिल बोंडे

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेता लगातार आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं। इस बीच भाजपा के राज्यसभा सदस्य अनिल बोंडे ने भी कांग्रेस नेता पर विवादित टिप्पणी कर दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की जुबान बंद होनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने आरक्षण को लेकर जो भी कुछ कहा वह खतरनाक था। बोंडे ने आगे कहा कि राहुल गांधी की जुबान जला देना चाहिए।

यह टिप्पणी शिव सेना के बुलढाणा विधायक संजय गायकवाड़ के बयान के बाद आया है। दरअसल, संजय गायकवाड ने कहा था कि आरक्षण खत्म करने को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी के लिए उनकी जीभ काटने वाले को वह (संजय गायकवाड) 11 लाख रुपये का इनाम देंगे।

राहुल ने क्या कहा था?
अमेरिका दौरे के दौरान राहुल गांधी ने जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी में छात्रों से कहा था कि जब भारत एक अच्छी स्थिति पर होगा तो कांग्रेस आरक्षण खत्म करने के बारे में सोचेगी। उन्होंने आगे कहा कि यह स्थिति अभी नहीं है।

शिवसेना विधायक की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे भाजपा सांसद
शिवसेना विधायक संजय गायकवाड के राहुल गांधी के जीभ काटने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सांसद ने कहा, ‘जीभ काटने की भाषा उचित नहीं है, लेकिन आरक्षण को लेकर जो राहुल गांधी ने कहा वह खतरनाक है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘अगर कोई भी विदेश में जाकर कुछ भी अपशब्द कहेगा तो उसकी जीभ काटने से अच्छा है कि जला दो। चाहे वह राहुल गांधी हो या ज्ञानेश महाराव। ऐसे लोगों की जुबान जला देना ही उचित है। महाराव एक लेखक हैं, जिन पर हिंदू देवी-देवताओं पर अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप है।

भाजपा ने नहीं किया बोंडे के बयान का समर्थन
राहुल गांधी पर किए गए टिप्पणी के बाद अनिल बोंडे को भाजपा का ही समर्थन नहीं मिला।महाराष्ट्र के भाजपा अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ गायकवाड और बोंडा के बयान का वह समर्थन नहीं करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के नेताओं को भी भारत विरोधी बयान देने से बचना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस से आरक्षण को लेकर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा।

शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने भी भाजपा और शिवसेना नेताओं के बयान की निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ साजिश रची गई है और उनकी जान को खतरा है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाया। भाजपा नेता अनिल बोंडे के बयान के बाद कांग्रेस के कई नेताओं ने अमरावती पुलिस कमिश्नरेट के बाहर प्रदर्शन किया और बोंडे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

राहुल गांधी की जीभ काटने वाले को 11 लाख रुपये का इनाम

महाराष्ट्र में शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। दरअसल शिवसेना विधायक ने राहुल गांधी के अमेरिका में आरक्षण को लेकर दिए गए बयान पर नाराजगी जताई और राहुल गांधी की जीभ काटने वाले को 11 लाख रुपये का इनाम देने का एलान किया। हालांकि महाराष्ट्र सरकार में शिवसेना की सहयोगी पार्टी भाजपा ने संजय गायकवाड़ के बयान से किनारा कर लिया है। गायकवाड़ की इस टिप्पणी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुलढाणा शहर पुलिस स्टेशन पर धरना देकर प्रदर्शन किया, जिसके बाद सोमवार को बुलढाणा पुलिस ने राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शिवसेना विधायक गायकवाड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक अधिकारी ने बताया कि गायकवाड़ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 351 (2) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कांग्रेस ने भी दी तीखी प्रतिक्रिया
वहीं महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता अतुल लोंढे ने संजय गायकवाड़ के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि ‘संजय गायकवाड़ समाज और राजनीति में रहने लायक नहीं हैं। हम चाहते हैं कि मानव हत्या को बढ़ावा देने के लिए राज्य के उप-मुख्यमंत्री उनके खिलाफ कार्रवाई करें।’ कांग्रेस के एमएलसी भाई जगताप ने भी संजय गायकवाड़ के बयान की तीखी आलोचना की और कहा कि ‘ऐसे लोगों ने राज्य की राजनीति को बर्बाद कर दिया है।’

संजय गायकवाड़ ने पहली बार विवादत बयान नहीं दिया है। इससे पहले भी वह कई बार विवादों में फंस चुके हैं। बीते महीने एक पुलिसकर्मी द्वारा विधायक की गाड़ी धोने का वीडियो सामने आया था। विवाद होने पर विधायक ने कहा था कि पुलिसकर्मी ने गाड़ी के भीतर उल्टी कर दी थी और वह अपनी मर्जी से गाड़ी को साफ कर रहा था। फरवरी में संजय गायकवाड़ ने कहा था कि साल 1987 में उन्होंने एक शेर का शिकार किया था और उसके दांत को आज भी गले में पहनते हैं। इसके बाद वन विभाग ने शेर के कथित दांत को फोरेंसिक जांच के लिए भेजकर विधायक के खिलाफ वन सुरक्षा कानून के तहत मामला दर्ज किया था।

नीतेश राणे के खिलाफ मामला दर्ज
भाजपा विधायक नीतेश राणे के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। नीतेश राणे पर आरोप है कि उन्होंने नवी मुंबई में गणेश उत्सव के दौरान दिए अपने भाषण में अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ बयानबाजी की और लोगों को भड़काने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले में भाजपा विधायक के साथ ही गणेश उत्सव के आयोजक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। घटना 11 सितंबर की है। पुलिस का कहना है कि आयोजक ने कार्यक्रम की इजाजत भी नहीं ली थी। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि नीतेश राणे को आमंत्रित किया गया था। इसी दौरान भाजपा विधायक ने विवादित बयानबाजी की। पुलिस ने राणे और कार्यक्रम के आयोजक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 302, 351(2), 352 के तहत मामला दर्ज किया है।