उत्तर प्रदेश राज्य

यूपी बजट सत्र : यूपी में अब जितना भ्रष्टाचार है उतना कभी नहीं रहा, अयोध्या में सरकार के संरक्षण में ज़मीनों की ख़रीदारी में जमकर भ्रष्टाचार हुआ : अखिलेश यादव

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्यपाल के अभिभाषण पर बोलते हुए कहा कि यूपी में अब जितना भ्रष्टाचार है उतना कभी नहीं रहा। अयोध्या में जमीनों की खरीदारी में जमकर भ्रष्टाचार हुआ। ये भ्रष्टाचार सरकार के संरक्षण में हुआ। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को लेकर सरकार की नीति जीरो हो गई है।

‘सरकार महंगाई को कम करने के लिए क्या कर रही है’
अखिलेश यादव ने राज्यपाल के अभिभाषण पर बोलते हुए सरकार से सवाल किया कि सरकार महंगाई को कम करने के लिए क्या कर रही है? महंगाई बढ़ रही है। खाने-पीने के दामों में बढ़त हुई है। लोगों के पास रोजगार हैं नहीं। नौकरियां मिल नहीं रही हैं और सरकार वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी का सपना दिखा रही है।

लोग पुलिस को कॉल करने से डरते हैं कि उनसे वसूली हो जाएगी
प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अब लोग 112 पर कॉल करने से डरते हैं कि उनसे वसूली की जाएगी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के सबसे तेज रिस्पांस सिस्टम को बर्बाद कर दिया गया। महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं। प्रदेश में लॉ अलग है ऑर्डर अलग है।

‘मानकों के अनुसार मेडिकल कॉलेज नहीं चल पा रहे हैं’
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है। सब कुछ प्राइवेट किया जा रहा है। प्रदेश के मेडिकल कॉलेज मानक के अनुसार नहीं चल रहे हैं। वहां पर नियुक्तियां पूरी नहीं हुई हैं।

भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति जीरो
नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में इस समय जितना भ्रष्टाचार है उतना कभी नहीं रहा। थाने और तहसीलों में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। सरकार की भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति जीरो हो गई है।

अखिलेश यादव ने कहा कि एयरपोर्ट बनाने के लिए किसानों से जमीन ली जा रही है पर उसका सही मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। सरकार चित्रकूट में डिफेंस एक्सपो बनाने जा रही है लेकिन किसानों को पुराने रेट पर मुआवजा दे रहे हैं। सपा सरकार में चार गुना मुआवजा दिया गया था। उन्होंने सवाल किया कि आखिर किसानों पर खजाना खर्च करने में सरकार को क्या दिक्कत है?

अयोध्या में एयरपोर्ट बनाने के लिए ली गई जमीन का मुआवजा नहीं दिया गया। लोगों ने सरयू में खड़े होकर जनेऊ की कसम खाई थी भाजपा को वोट नहीं देंगे।