दुनिया

यूक्रेन नहीं, पश्चिम रूस का दुश्मन है अब वह रूस-यूक्रेन युद्ध बंद कराये जाने का इच्छुक है : पुतिन

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतीन ने अपने देश के सैनिकों से मुलाकात में कहा है कि पश्चिम की शैली बदल रही है और पश्चिमी देश किसी प्रकार से रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की चेष्टा में हैं।

इसी प्रकार पुतिन ने बल देकर कहा कि रूस अपनी शर्तों के दृष्टिगत यूक्रेन के साथ जंग बंद करना चाहता है। रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि पश्चिम हमारा दुश्मन है और वह यूक्रेन के माध्यम से समस्याओं का समाधान करना चाहता है। उन्होंने बल देकर कहा कि यूक्रेन हमारा दुश्मन नहीं है किन्तु वे लोग हमारे दुश्मन हैं जो हमारी स्ट्रैटेजी को विफल बनाने की कोशिश में हैं और पश्चिम में कुछ लोग खुलकर लिख रहे हैं कि वे रूस को पांच टुकड़ों में बांटना चाहते हैं।

यह पहली बार है जब रूसी राष्ट्रपति यह कह रहे हैं कि पश्चिम रूस- यूक्रेन युद्ध बंद कराने की कोशिश में है। साथ ही उनका मानना है कि यूक्रेन नहीं बल्कि पश्चिम रूस का दुश्मन है। हालिया महीनों में यूक्रेन ने रूसी ठिकानों पर कई बार हमला किया था परंतु रूस ने इन हमलों को विफल बना दिया और उसके बाद रूस ने कई स्थानों पर यूक्रेन पर हमला किया जिसमें यूक्रेन को काफी जानी व माली क्षति उठानी पड़ी। रूस के इन हमलों के बाद रूस-यूक्रेन के मध्य जारी युद्ध को बंद कराने की बातें अधिक होने लगी हैं।

इसकी सबसे मुख्य वजह यह है कि यूरोपीय व पश्चिमी देशों विशेषकर अमेरिका को यह लगने लगा कि अरबों डालर की यूक्रेन की मदद करने के बावजूद रूस को हराया नहीं जा सकता और रूस-यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को बंद कराने की दूसरी वजह यह है कि अब पश्चिमी व यूरोपीय देश यूक्रेन की उस तरह से सहायता नहीं कर रहे हैं जैसे वे कुछ समय पहले करते थे।

इसी प्रकार अमेरिका में बहुत से लोग यूक्रेन की सैनिक सहायता किये जाने के विरोधी हैं और बाइडेन सरकार यूक्रेन को सैनिक मदद बंद या कम किये जाने के संबंध में गम्भीर चेतावनी दे चुकी है। समाचार पत्र डेली टेलीग्राफ ने लिखा है कि वाइट हाउस के अधिकारियों ने कहा था कि क्रिसमस की रात यूक्रेन के लिए सैनिक सहायता पैकेज पारित किये जाने का अंतिम समय है परंतु रिपब्लिकन सांसद यूक्रेन को सैनिक सहायता पैकेज पारित करने के पक्ष में नहीं थे और इसके प्रति उन्होंने सहमति नहीं जताई और उनका कहना था कि अमेरिका के वित्तीय स्रोतों का प्रयोग अमेरिका की सीमा सुरक्षा सहित देश के अंदर किया जाना चाहिये।

इस समय रूस-यूक्रेन युद्ध के बंद कराने जाने की बात जो अधिक की जा रही है उसका दूसरा कारण यह है कि एक समय था जब यूरोपीय देश इस जंग में रूस के खिलाफ थे और यूक्रेन की सहायता करने में वे आगे आगे थे परंतु अब न तो उनके पास इसकी क्षमता है और न इच्छा है और इस संबंध में यूरोपीय देशों के मध्य मतभेद खुलकर सामने आ गया है।

अभी हाल ही में यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलन्सकी ने कीव की सहायता कम किये जाने की प्रक्रिया की आलोचना करते हुए कहा था कि अब अमेरिका और यूरोपीय व पश्चिमी देशों ने यूक्रेन की सहायता कम कर दी है और उनका ध्यान इस्राईल की ओर हो गया है इस प्रकार से कि बहुत से पश्चिमी देश यूक्रेन या इस्राईल की सहायता करने के संबंध में असमंजस में पड़ गये हैं।