दुनिया

मोर्चों पर जारी लड़ाई के बीच यूक्रेन ने रखा शांति वार्ता का प्रस्ताव, मास्को ने कहा…!!!

यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्री कोलीबा ने कहा कि यूक्रेन सरकार फ़रवरी के आख़िर में शांति वार्ता का इरादा रखती है मगर मास्को ने कहा कि यूक्रेन की शर्तों पर बातचीत नहीं हो सकती और यूक्रेन को हथियार डालना होगा और नाज़ियों से ख़ुद को दूर करना होगा।

यूक्रेन के विदेश मंत्री ने कहा कि हमारी नज़र में यह शांति शिखर वार्ता संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनिया गुटरस की मौजूदगी में होनी चाहिए। कोलीबा ने आरोप लगाया कि मास्को शांति नहीं चाहता।

मास्को में क्रेमलिन हाउस के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोफ़ ने कहा कि रूस वार्ता में कभी भी दूसरों की शर्त स्वीकार नहीं कर सकता रूस अपने विशेष लक्ष्यों और मज़बूत तर्क के आधार पर काम करता है।

रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ़ ने कहा कि यूक्रेन को अच्छी तरह पता है कि रूस की इच्छा यह है कि यूक्रेन निरस्त्र हो और नाज़ियों से ख़ुद को दूर करे। उन्होंने कहा कि अगर युक्रेन यह शर्तें पूरी नहीं करता तो रूसी सेना इस मुद्दे को अपने तौर पर देखेगी।

इससे पहले लावरोफ़ ने यह भी कहा था कि विश्व अर्थ व्यवस्था को लीडर करने की पश्चिम की क्षमता तेज़ी से सीमित हो रही है और आख़िरकार वह रूस से वार्ता करने पर मजबूर होगा।

लड़ाई के हालात की बात की जाए तो यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदमीर ज़ेलेन्स्की ने कहा कि लगभग 90 लाख लोगों की बिजली रूसी हमले की वजह से कट गई है।

रूस के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि यूक्रेन ने मास्को के दक्षिण पूर्व में एक सैन्य छावनी पर हमला करने की कोशिश की मगर एयर डिफ़ेंस के ज़रिए यूक्रेनी ड्रोन को गिरा दिया गया।