देश

मुस्लिम छात्रा अफसाना का जला हुआ शव हुआ बरामद-तीन दिन से थी लापता

रांची: तीन दिन से लापता मारवाड़ी कॉलेज में आर्ट्स फोर्थ सेमेस्टर की छात्रा पुंदाग बस्ती निवासी अफसाना परवीन की हत्या कर दी गई। उसका अधजला शव रविवार को लोहरदगा जिले के कैरो में मिला। राजधानी में एक महीने के भीतर हत्या का यह 11वां मामला है। परिजनों के मुताबिक अफसाना छह अप्रैल को घर से कॉलेज के लिए निकली थी। रविवार को शव मिलने पर लोहरदगा पुलिस ने उसे अज्ञात मानते हुए रिम्स भिजवा दिया। तभी लोहरदगा पुलिस को सूचना मिली कि रांची से एक छात्रा छह अप्रैल से गायब है। वहां से पुंदाग ओपी को सूचना दी गई।

ब्रेसलेट, चप्पल और बैग से शिनाख्त

यहां परिजनों को शव दिखाया, लेकिन वह बुरी तरह जला हुआ था। दाएं पैर पर मस्सा, हाथ का ब्रेसलेट, चप्पल और बैग से परिजनों ने अफसाना के रूप में उसकी पहचान की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं तो जाम करेंगे

झारखंड छात्र संघ के अध्यक्ष एस अली और भाजपा के वरिष्ठ नेता देवीदयाल मुंडा ने मामले की सीआईडी से जांच कराने की मांग की है। अली ने पुलिस प्रशासन से सीआरपीसी की धारा 302, 201 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर 24 घंटे के अंदर हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की है। कहा है कि अगर हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो अरगोड़ा बाईपास रोड जाम करेंगे।

गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुंदाग पुलिस ने जिला के सभी थानों में छात्रा की फोटो और डिटेल भेज दी थी लेकिन इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही थी। इसी बीच परिजन छात्रा को खोजते हुए लोहरदगा पहुंच गए। वहां पता चला कि लड़की का एक अज्ञात शव मिला था। इसके बाद परिजन रिम्स पहुंचे और छात्रा की पहचान हुई। पुलिस ने छात्रा के शव से डीएनए का सैंपल भी लिया है। इसकी जांच के लिए एफएसएल को भेजा जाएगा।

गुस्साए लोगों ने सड़क घेरी, आगजनी-हाथापाई की

छात्रा के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन शव को लेकर पुंदाग थाना पहुंच गए। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए लोगों ने सड़क जाम कर दिया। परिजनों का कहना था कि पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो छात्रा बरामद हो जाती और उसकी हत्या नहीं होती। इस दौरान उग्र लोग सड़क पर आगजनी करने लगे। कई वाहन चालकों के साथ लोगों ने हाथपाई भी की। पुलिस बीच बचाव करने गई तो उनके साथ भी हाथपाई की गई। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस उन्हें शांत कराने का प्रयास कर रही थी पर कोई सुनने को तैयार नहीं था। परिजन हत्यारों की गिरफ्तारी और मौके पर वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने आश्वासन दिया कि हत्यारों की गिरफ्तारी जल्द होगी। इस पर परिजनों ने पुलिस को 24 घंटे का समय देते हुए कहा कि अगर इस दौरान हत्यारे पकड़ में नहीं आए तो वे फिर सड़क पर उतरेगें।

पेट्रोल का डब्बा-कपड़ा बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से पेट्रोल का डब्बा और कपड़ा बरामद किया है। छात्रा वहां कैसे पहुंची इसके लिए रांची-लोहरदगा रोड में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। छात्रा को रांची से दूर ले जाकर हत्यारों ने क्यों जलाया, इस बात पर पुलिस फंसी हुई है। पुलिस मारवाड़ी कॉलेज भी जाएगी। लोहरदगा के कैरो थाना की पुलिस भी रांची पहुंची थी।

हत्या को लेकर कैरो थाना में मामला दर्ज किया गया है। लोहरदगा पुलिस की मदद से जांच की जा रही है। कई तकनीकी पहलुओं पर भी जांच हो रही है। हत्याकांड के खुलासे के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Comments are closed.