उत्तर प्रदेश राज्य

‘ममता’ ये तूने क्या किया?

माई सिटी रिपोर्टर, नोएडा।आम तौर पर मां-पिता अपने बच्चों को अपराध से दूर रखते हैं। लेकिन कुछ अपवाद भी देखने को मिल जाते हैं। सेक्टर-113 थाना पुलिस ने एक शातिर चेन लुटेरे को पकड़ा है जिसके अपराध में उसकी मां सहयोगी बनी हुई थी। बदमाश बेटा व उसका साथी चेन लूट कर लाते थे। मां उन लूट की चेन को सुनार के यहां जाकर बेच देती थी। पुलिस ने मां-बेटे, सहयोगी व सुनार चारों को गिरफ़्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों बदमाश स्पोर्ट्स बाइक पर आधी नंबर प्लेट लगाकर चेन लूटने के लिए निकलते थे।

जांच में यह भी पता चला है कि यह बाइक चोरी की है। पुलिस इन दोनों शातिर लुटेरों की तलाश में पिछले डेढ़ महीने से लगी हुई थी। इनके लिए स्पेशल सर्विलांस टीम को भी लगाया गया था। पुलिस कारवाई की जानकारी डीसीपी नोएडा राम बदन सिंह ने दी। डीसीपी ने बताया कि थाना पुलिस की टीम एफएनजी रोड पर सोहरखा के पास चेकिंग कर रही थी। वहीं से चारों को पकड़ा गया।

आरोपियों की पहचान आदित्य निवासी वृंदावन गार्डन साहिबाबाद गाजियाबाद, सनी निवासी अंकुर विहार गाजियाबाद, अंकुर की मां ममता, सुनार जोहेब निवासी शालीमार गार्डन गाजियाबाद के रूप में हुई है। दोनों बदमाशों का पुराना क्राइम रिकॉर्ड भी है।

सनी के खिलाफ नोएडा, गाजियाबाद में 38 आदित्य के खिलाफ 23 केस दर्ज हैं। आदित्य व सनी 2015 से चेन लूट की घटनाएं कर रहे हैं। यह दोनों अगर लूटी हुई चेन बेचने जाते तो मुखबिरी से पकड़े जाने का डर था। इसलिए सनी अपनी मां ममता को चेन बेचने के लिए भेजता था।

शुरुआत में कुछ एक बार चेन खरीदने के बाद शालीमार गार्डन निवासी सुनार जोहेब आसानी से लूट की चेन खरीद लेता था। इसके बाद सोने को गलाकर दूसरी जूलरी बना देता था। एसीपी-3 टि्विंकल जैन ने बताया आरोपियों के कब्जे से लूट का सोना गलाकर बनाई गई छह चेन, चार लूटी गई चेन के टुकड़े, एक जोड़ी कानों के कुंडल, एक तमंचे बरामद हुए हैं। नोएडा की 10 घटनाओं का खुलासा हुआ है। दोनों ने आखिर लूट 19 अक्टूबर को सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में की थी।

DEMO PIC