देश

भाजपा ने दिल्ली निवासी आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह का वोट काटने का आवेदन दिया!

आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर वोटर लिस्ट में छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। आम आदमी पार्टी का दावा है कि भाजपा ने आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह का वोट काटने का आवेदन दिया है। बता दें कि संजय सिंह का परिवार नई दिल्ली विधानसभा में रहता है।

आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि संसद में मैंने भाजपा द्वारा यूपी, बिहार और झारखंड के पूर्वांचल समाज के लोगों के वोट कटवाने की बात कही और इसे जेपी नड्डा ने माना भी। अब भाजपा ने मेरी धर्मपत्नी अनीता सिंह का जोकि नई दिल्ली विधानसभा की वोटर हैं, उनका वोट कटवाने की एप्लीकेशन दे दी।

संजय सिंह ने कहा कि मेरी धर्मपत्नी अनीता सिंह पूर्वांचल की रहने वाली हैं और भाजपा वालों ने इनका वोट कटवाने की एप्लीकेशन दो बार दी है। भाजपा हरियाणा और महाराष्ट्र की तरह चुनावी घोटाला करके दिल्ली में भी चुनाव जीतना चाहते हैं। भाजपा सांसद मनोज तिवारी से मैं पूछना चाहता हूं कि पूर्वांचल की रहने वाली मेरी धर्मपत्नी क्या रोहिंग्या घुसपैठिया हैं, जो उनका वोट काटने की एप्लीकेशन दी गई है?

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा दिल्ली चुनाव में अपनी हार मानकर, बेईमानी पर उतर आई है। दिल्ली में भाजपा के पास ना ही उम्मीदवार हैं और ना ही मुख्यमंत्री का चेहरा है। अब भाजपा बेईमानी करके चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है, वो वोट कटवाने की साजिश रच रही है।

दिल्ली के पूर्वी सीएम ने कहा कि नई दिल्ली विधानसभा में भाजपा की वोट कटवाने की गंदी साजिश हुई पकड़ी गई है। 15 दिनों में भाजपा ने हजारों वोट कटवाने की एप्लीकेशन दी है। मतदाताओं के वोट कटवाकर भाजपा लोगों से उनके देश के नागरिक होने का अधिकार छीन रही है। जब चुनाव आयोग ने दो महीने तक घर-घर जाकर वोट बनाये तो अब 15 दिनों में हजारों लोग कहां से आ गए, जिनके वोट बनवाये जा रहे हैं। भाजपा बाहर से लोगों को ला रही है, जिनके फर्जी वोट बनवाये जा रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा दिल्ली में इन तीन हथकंडों म आदमी पार्टी के वोट कटवाकर, वोट बनवाकर, पैसों से वोट खरीदकर चुनाव जीतना चाहती है।