उत्तर प्रदेश राज्य

बदायूं : मशहूर शायर फ़हमी बदायूंनी का 72 साल की उम्र में निधन हो गया!

संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं।साहित्य जगत में रविवार को बड़ी क्षति हुई। मशहूर शायर फहमी बदायूंनी का 72 साल की उम्र में निधन हो गया। रविवार को उन्होंने बदायूं के बिसौली कस्बा स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही साहित्य जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

फहमी बदायूंनी पिछले एक महीने से बीमार चल रहे थे। दिल्ली के एम्स में उनका इलाज भी हुआ था। पिछले तीन दिन से उनकी तबीयत ज्यादा खराब थी। वह कुछ खा भी नहीं पा रहे थे। रविवार को उन्होंने बिसौली स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली।

चार जनवरी 1952 में हुआ था जन्म
फहमी बदायूंनी का जन्म चार जनवरी 1952 को बिसौली के मोहल्ला पठानटोला में हुआ था। उर्दू शायरी से उनका नाम दुनियाभर में मशहूर है। लोग उनकी शायरी सोशल मीडिया पर सुनते और साझा भी करते हैं। उनके निधन से साहित्य जगत में शोक की लहर दौड़ गई। खबर मिलते ही लोग उनके घर सांत्वना पहुंचने लगे।

Imran Pratapgarhi
@ShayarImran

अलविदा फ़हमी बदायूँनी साहब, आपका जाना उर्दू अदब का बड़ा नुक़सान है, सोचा था जल्द ही किसी महफ़िल में आपको जी भर कर सुना जायेगा लेकिन आज ये अफसोसनाक ख़बर आ गई, ख़ुदा आपको जन्नत नसीब करे।

पूछ लेते वो बस मिज़ाज मेरा
कितना आसान था इलाज मेरा।
🔹फ़हमी बदायूँनी