उत्तर प्रदेश राज्य

फ़र्रुख़ाबाद : सर्राफ़ा व्यापारी के साथ कार सवार बदमाशों ने लूटपाट की, विरोध करने पर मुनीम को गोली मार….

फर्रुखाबाद।फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर कस्बे में दुकान बंद कर मुनीम के साथ बाइक से घर लौट रहे सर्राफा व्यापारी के साथ कार सवार बदमाशों ने लूटपाट की। विरोध करने पर मुनीम को गोली मार दी। बदमाश बाइक की डिकी तोड़कर नकदी व जेवर लूटकर फरार हो गए। घायल मुनीम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

थाना क्षेत्र के गांव कुतलूपुर निवासी लकी खान की राजेपुर तिराहे पर शिव ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। शनिवार सायं करीब 5.30 बजे लकी खान अपने मुनीम रामऔतार के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। बाइक की डिकी में नकदी व जेवर रखे हुए थे। थाने से करीब दो किलोमीटर दूर हिंदुस्तान धर्म कांटा के निकट पीछे से सफेद रंग की कार में सवार चार बदमाशों ने बाइक में टक्कर मार दी।

मुनीम के पैर में मार दी गोली
इससे दोनों बाइक समेत गिर पड़े। बदमाशों ने कार से उतरकर डिकी तोड़ने की कोशिश की तो सर्राफा व्यापारी व मुनीम ने विरोध किया तो बदमाशों ने मुनीम रामऔतार के पैर में गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया। बदमाश डिकी तोड़कर नकदी व जेवर लूटकर कार से भाग गए। घटना की जानकारी मिलने पर थाना पुलिस के साथ ही पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी घटनास्थल पर पहुंचे।

एसपी बोले- जल्द ही किया जाएगा खुलासा
घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। एसपी ने सर्राफा व्यापारी से घटना की जानकारी की। एसपी ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। सर्राफा व्यापारी ने बताया कि डिकी में 1.70 लाख की नकदी, दो सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने के झाले व 50 हजार के अन्य आभूषण रखे थे। कार में चार बदमाश सवार थे। एक बदमाश ने मुनीम के पैर में गोली मार दी। समाचार लिखे जाने तक मामले में तहरीर नहीं दी गई थी।