महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में शनिवार तड़के दो निजी बसों के बीच टक्कर हो गई। दुर्घटना में दो महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 21 अन्य लोग घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना जिले के मलकापुर शहर में एक फ्लाईओवर पर देर रात करीब 2.30 बजे हुई।
Maharashtra | Six passengers dead, 21 injured in collision between two buses in Buldana early morning today
— ANI (@ANI) July 29, 2023
कैसे हुआ हादसा?
अधिकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई बसों में से एक अमरनाथ यात्रा के बाद हिंगोली जा रही थी, जबकि दूसरी निजी बस नासिक की ओर जा रही थी। बस ने एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। इस दौरान दूसरी बस सामने से आ गई और टक्कर हो गई।
सड़क पर यातायात बाधित
अधिकारी ने बताया कि दो महिलाओं समेत 6 लोगों की मौत हो गई है और 21 घायल हो गए। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात बाधित हो गया।
व्यक्ति ने की आत्महत्या, ट्रैफिक पुलिस पर लगाया उत्पीड़न का आरोप
इस बीच ठाणे शहर के 24 वर्षीय एक व्यक्ति की शराब के नशे में गाड़ी चलाते हुए पकड़े जाने के कुछ दिनों बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मनीष उत्तेकर के रूप में हुई है। मनीष ने सोशल मीडिया पर एक सुसाइड नोट साझा किया, जिसमें ट्रैफिक पुलिस द्वारा उत्पीड़न का दावा किया गया था। हालांकि, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इस आरोप से इनकार किया है।
एक अधिकारी ने बताया कि शहर के वागले एस्टेट इलाके में रहने वाले उत्तेकर ने शुक्रवार दोपहर को अपने घर में फांसी लगा ली। वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। वे चाहते थे कि ट्रैफिक पुलिस नशे में गाड़ी चलाने के मामले में उनके खिलाफ नरमी बरते। वरना इससे उसका भविष्य बर्बाद हो जाएगा। पुलिस के अनुसार, उत्तेकर ने सुसाइड नोट में शहर की कोपरी यातायात इकाई के पुष्पक और सुधाकर को दोषी ठहराया है। डीसीपी ने कहा कि कोपरी यूनिट में पुष्पक और सुधाकर नाम का कोई कर्मचारी नहीं है।
एमआईडीसी पुलिस ने चोरी हुए 100 मोबाइल फोन किए बरामद
मुंबई में एमआईडीसी पुलिस ने विभिन्न शहरों और राज्यों से 2022-23 के दौरान खोए या चोरी हुए कम से कम 100 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने शनिवार को इस बारे में जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि ये फोन मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, गुजरात, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और अन्य स्थानों से बरामद किए गए हैं। साथ ही इन्हें शिकायत दर्ज कराने वाले उनके मालिकों को लौटा दिए गए।
अधिकारी ने कहा कि इससे पहले, इस साल जनवरी से मई तक गायब हुए 350 मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटा दिए गए थे। इन फोनों का पता लगाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
विधि आयोग के अध्यक्ष ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से मुलाकात की
विधि आयोग की अध्यक्ष ऋतु राज अवस्थी ने शनिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुंबई में उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान भी जारी किया है। इसमें बताया गया है सीएम शिंदे ने भगवान गणेश की मूर्ति और शॉल देकर अवस्थी का स्वागत किया। हालांकि, बैठक का उद्देश्य ज्ञात नहीं है।
मुंबई पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
राजस्थान में हमले की योजना बनाने के आरोप में गिरफ्तार दो आरोपियों के पास से चबाड हाउस की गूगल की फोटो बरामद होने के बाद मुंबई पुलिस ने कोलाबा में चबाड हाउस के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। मुंबई पुलिस ने इस बारे में जानकारी दी है। बता दें कि चबाड हाउस उन स्थानों में शामिल है जिन्हें 26/11 आतंकवादी हमले में लक्ष्य बनाया गया था।
बता दें कि महाराष्ट्र एटीएस ने कुछ दिन पहले मोहम्मद इमरान मोहम्मद यूनुस खान और मोहम्मद यूनुस मोहम्मद याकूब साकी को पुणे से गिरफ्तार किया था और मामले की जांच कर रही थी। उसी जांच के दौरान पुलिस को उनके पास से चबाड हाउस की गूगल इमेज मिली थी।
भिवंडी में बिजली कंपनी के कर्मचारियों पर निवासियों ने हमला किया
महाराष्ट्र के ठाणे के भिवंडी में बिजली कंपनी के दो कर्मचारियों पर निवासियों ने हमला कर दिया। दरअसल, दोनों बिजली कर्मी प्रशासन द्वारा खतरनाक घोषित की गई एक इमारत की बिजली आपूर्ति बंद करने गए थे। तभी वहां रहने वाले लोगों ने उनपर हमला करके उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने शनिवार को इस बारे में जानकारी दी है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बिजली वितरण कंपनी की एक टीम, जिसमें एक टेक्नीशियन और एक कर्मचारी शामिल थे, शुक्रवार शाम करीब 4 बजे भिवंडी शहर के देवजी नगर में एक खतरनाक इमारत की आपूर्ति बंद करने के लिए साइट पर गई थी। वहां, कथित तौर पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के एक स्थानीय नेता के नेतृत्व में 10 लोगों के एक समूह ने टीम के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया। इस हमले में दो लोग घायल हो गए।
अधिकारी ने कहा कि घायल व्यक्तियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। जिसके आधार पर नारपोली पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया।
मुंबई में मुहर्रम जुलूस के लिए पुलिस ने कडी की सुरक्षा
वहीं, शनिवार को मुहर्रम जुलूस के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मुंबई और उसके उपनगरों की सड़कों पर यातायात कर्मियों सहित सैकड़ों पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने दक्षिण मुंबई, मानखुर्द के उपनगरों, मालवानी, कुर्ला और शहर के अन्य मुस्लिम बहुल इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी है।
साथ ही, यातायात के सुचारू प्रवाह को सुनिश्चित करने और जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की भीड़ को रोकने के लिए बड़ी संख्या में यातायात पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, ताजिया जुलूस दक्षिण मुंबई में पी इस्माइल मर्चेंट चौक (नेस्बिट जंक्शन) से सोफिया जुबेर जंक्शन, सर जे जे जंक्शन, आईआर रोड, पाकमोडिया स्ट्रीट और जैनबिया हॉल के माध्यम से निकाला जाएगा।
न्यायमूर्ति देवेन्द्र कुमार उपाध्याय बने बॉम्बे हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश; राज्यपाल रमेश बैस ने दिलाई शपथ