दुनिया

पाकिस्तान : बलूचिस्तान प्रांत में हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 28 लोगों की मौत!

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के सुदूरवर्ती बलूचिस्तान प्रांत में बुधवार को तेज गति से आ रही एक यात्री बस खाई में गिर गई। इस हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई।

बस तुरवत से क्वेटा जा रही थी। तभी हादसे का शिकार हो गई। बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा से करीब 700 किलोमीटर दूर वाशुक शहर के पास बस खाई में गिर गई। जानकारी के अनुसार दुर्घटना तेज गति के चलते हुई है। जबकि एक अन्य मीडिया रिपोर्ट में बचाव अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि यात्री बस का टायर फटने से यह हादसा हुआ।

हादसे में कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई। वहीं करीब 22 लोग घायल हो गए, जिन्हें बासिमा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पहले भी हो चुके हैं हादसे
पाकिस्तान में सड़क दुर्घटनाएं आम हैं। यहां यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का सही से पालन नहीं किया जाता है। पंजाब के खुशाब जिले में 18 मई को एक ट्रक के खाई में गिर जाने से एक ही परिवार के कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई थी और नौ अन्य घायल हो गए थे। इसके अलावा, गिलगित बाल्टिस्तान में तीन मई को एक यात्री बस के खाई में गिर जाने से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई थी और 21 अन्य घायल हो गए थे।