देश

दिल्ली में बेटे ”अर्जुन” ने सेना से सेवानिवृत्त पिता, मां और बहन की नृशंस हत्या कर दी : दिल्ली में 80 घंटे में 8 लोगों की हत्या : रिपोर्ट

दक्षिण दिल्ली के देवली गांव में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बेटे अर्जुन (20) ने सेना से सेवानिवृत्त पिता राजेश कुमार (51), मां कोमल (46) और बहन कविता (23) की बुधवार सुबह नृशंस हत्या कर दी। दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान के अनुसार, मूलरूप से महेंद्रगढ़ के खेड़ी गांव निवासी पिता के सरेआम पीटने, डांटने व रोकटोक से अर्जुन परेशान था। साथ ही, मां व बहन भी उसके पीछे पड़ी रहती थीं। आरोपी अकेला रहना चाहता था। पुलिस उसे साइको किस्म का युवक बता रही है। उसने पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश एक सप्ताह पहले ही रच ली थी।

सुबह अर्जुन ने पीसीआर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी कि राजेश पहली मंजिल और कोमल व कविता भूतल पर मृत पड़ी हुईं हैं। अर्जुन ने पुलिस को बताया कि सैर से लौटने पर उसने करीब 5:30 बजे शवों को देखा। पूरे दिन की जांच के बाद पुलिस ने शाम को अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को शुरुआत से ही बेटे पर संदेह था। दोमंजिला घर में राजेश 15 वर्षों से रह रहे थे। पुलिस बृहस्पतिवार को अर्जुन को कोर्ट में पेश करेगी।

कल ही थी मां-पिता की शादी की 27वीं सालगिरह
बुधवार को ही माता-पिता की 27वीं सालगिरह थी। डीयू से स्नातक कर रहे अर्जुन ने पिता के फौज वाले चाकू (ड्रेगर) से तीनों का गला रेत दिया। इसके बाद वह पुलिस व स्थानीय लोगों को गुमराह करने के लिए जिम चला गया। जिम से लौटने के बाद पड़ोसियों को सूचना दी। दक्षिण जिले के वाहन चोरी निरोधक दस्ते (एएटीएस) ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, घर से चोरी व लूटपाट के सबूत न मिलने और अर्जुन के चाल-चलन को देखते हुए दिनभर की जांच के बाद शाम को उसे गिरफ्तार कर लिया।

लोगों ने यह भी बताया की घर के मालिक राजेश की आज ही मैरिज एनिवर्सरी थी। उनके आसपास के लोगों से ज्यादा मिलना जुलना नहीं था। इसलिए लोगों को ज्यादा कोई जानकारी नहीं है। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीडि़त परिवार के पड़ोस में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि जब बेटा सुबह जिम के लिए निकला था तो मां से उसकी बात हुई थी। मां को गेट लॉक करने के लिए बोला था। पड़ोसियों ने बताया कि जो मेन दरवाजा है, उसमें इंटरलॉक सिस्टम अंदर और बाहर दोनों से लगता है।

दिल्ली में 80 घंटे में 8 लोगों की हत्या
राजधानी दिल्ली में हत्या की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही है। लगातार 30 नंबर की रात से आज बुधवार सुबह तक 80 घंटे में 8 लोगों की हत्या हो चुकी है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।

गांव के लोग सन्न, इस तरह की वारदात कभी नहीं हुई
नेबसराय थाना की पुलिस इस मामले में मृतक के बेटे के अलावा आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। साथ ही गली के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी चेक कर रही है। वहां रहने वाले लोगों का कहना है, की देवली गांव में अभी तक इस तरह की कोई बड़ी वारदात नहीं हुई है। इसलिए गांव के लोग भी सन्न है, की ये क्या हो गया है। यहां के लोग पीडि़त परिवार के घर के पास एकत्रित होते तो पुलिस उन्हें हटा देती।

किसको कैसे मारा
राजेश (53) — पहली मंजिल पर मृत मिले। उनकी सोते हुए हत्या की गई है। चाकू जैसे धारदार हथियार से उनका गला काटा हुआ है। सिर पर ही चाकू के दो निशान पाए गए हैं। वह सीधे सोती हुई अवस्था में मृत मिले।

कोमल (47) — कोमल ग्राउंड फ्लोर पर मृत मिली। उनका गला काफी हद तक काटा हुआ था। उसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर ही चाकू के निशान हैं। ऐसा लग रहा है कि उन्होंने हत्यारा का विरोध किया था।

बेटी कविता (23) — हमलावर ने बेटी गर्दन करीब-करीब पूरी काटी हुई थी। कविता की गर्दन ज्यादा काट रखी थी। इसके अलावा उनके शरीर पर चाकू के कई वार के निशान मिले हैं।