उत्तर प्रदेश राज्य

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की वीसी प्रो.नईमा ख़ातून ने स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण किया, कहा-”ए एम यू‘’ एक मिनी इंडिया’ होने पर गर्व करता है”

अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की वीसी प्रो नईमा खातून ने स्वतंत्रता दिवस पर स्ट्रेची हॉल के मंच से ध्वजारोहण किया। सर सैयद हॉल (दक्षिण) के लॉन में पौधारोपण किया और भर्ती छात्रों को फल वितरित किए।

एएमयू वीसी प्रो नईमा खातून ने कहा कि स्वतंत्रता का मतलब सिर्फ विदेशी शासन की आजादी नहीं है। बल्कि, यह ईमानदारी, न्याय और समाज की सामूहिक प्रगति के लिए एक अथक प्रतिबद्धता है। हमें उन सिद्धांतों से जुड़े रहना चाहिए जिन पर हमारे देश की स्थापना हुई थी और विविधता, एकता और रचनात्मकता के धागों को बरकरार रखना चाहिए, जिनसे भारतीय संस्कृति का ताना-बाना तैयार हुआ है।


उन्होंने कहा कि अनादि काल से, महाभारत और रामायण से लेकर ताजमहल जैसे वास्तुशिल्प चमत्कारों तक, महान साहित्य, समृद्ध भाषाओं और हमारी संस्कृति ने मानवता को समृद्ध किया है। महात्मा गांधी की अहिंसा और सत्य की शिक्षाओं ने दलितों के लिए न्याय और शांति के लिए वैश्विक आंदोलनों को प्रेरित किया है।

एएमयू एक मिनी इंडिया
एएमयू के बारे में बताते हुए वीसी प्रो नईमा खातून ने कहा कि एएमयू के कई पूर्व छात्र राष्ट्रों के राष्ट्रपति, राजदूत, मंत्री और राजनीतिक दलों के प्रमुख रहे हैं। वसुधैव कुटुम्बकम के भारतीय दर्शन का पालन करते हुए, एएमयू एक ‘मिनी इंडिया’ होने पर गर्व करता है, जहां सभी प्रकार की विविधताएं एक साथ रहती हैं और आगे बढ़ती हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में एनआईआरएफ द्वारा एएमयू को देश में 8वें सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालय और 16वें सर्वश्रेष्ठ संस्थान के रूप में रैंकिंग देना उत्कृष्टता के प्रति हमारे प्रयासों को दर्शाता है।

पौधारोपण और फल वितरण
वीसी प्रो नईमा खातून ने रजिस्ट्रार मोहम्मद इमरान, प्रॉक्टर प्रो एम वसीम अली, एसएस हॉल (दक्षिण) प्रोवोस्ट डॉ फारूक ए डार संग सर सैयद हॉल (दक्षिण) के लॉन में पौधारोपण किया। उन्होंने भर्ती छात्रों को फल वितरित किए।

मुशायरे का आयोजन
स्वतंत्रता दिवस समारोह की पूर्व संध्या पर उर्दू विभाग द्वारा विश्वविद्यालय पॉलिटेक्निक के असेंबली हॉल में मुशायरा का आयोजन हुआ। वीसी प्रोफेसर नईमा खातून ने मुशायरे की अध्यक्षता की। उर्दू विभाग के अध्यक्ष प्रो कमरुल हुदा फरीदी ने स्वागत और प्रो सिराज अजमली ने संचालन किया।

पुलिस लाइन में ध्वजारोहण कर दी गई सलामी

78वें स्वतंत्रता दिवस पर अलीगढ़ एसएसपी संजीव सुमन ने पुलिस लाइन, क्वार्टर गार्ड पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। उन्होंने पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक, गृह मंत्रालय भारत सरकार का अति-उत्कृष्ट सेवा पदक, पुलिस महानिदेशक यूपी लखनऊ के डीजी प्रशंसा चिन्ह रजत पदक, सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह हेतु चयनित पुलिसकर्मियों को मेडल लगाकर सम्मानित किया।

एसएसपी संजीव सुमन ने कहा कि सभी नागरिकों, आमजनों की स्वतंत्रता के अधिकारों की रक्षा करना एवं पीड़ित, असहाय, जरूरतमंदों की सहायता करना ही अपने कर्तव्य के प्रति सच्ची निष्ठा है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक आदि मौजूद रहे।

इन्हें मिले पदक
डीजीपी स्तर से सराहनीय सेवाओं के लिए जिला पुलिस में तैनात एचसीपी विनोद कुमार, करतार सिंह, सिपाही सुरेश को पदक मिला है। शौर्य के लिए एएसपी आईपीएस अमृत जैन, एसआई सर्विलांस प्रभारी संदीप कुमार, नौशाद अली व एचसीपी सचिन को सिल्वर पदक दिया गया है। एएसपी अमृत जैन को प्रतापगढ़ में बैंक घोटाले में खुलासा करने पर यह पदक मिला है।

इसके अलावा, गृह मंत्रालय से उत्कृष्ट सेवाओं के लिए इंस्पेक्टर रामकुंवर, एसआई राजवीर सिंह, भूरी सिंह, भीम सिंह, अफजल अहमद, हरिओम, विनोद, एचसीपी रामनिवास, मानिक, मो.हनीफ, नाहर सिंह, गुलाब सिंह, देवेंद्रपाल, अरविंद, राजपाल, मो. जमील को पदक दिया गया है। वहीं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पीएसी 38 के सिपाही राजीव, रंजीत, नूर आलम, परवेज, मलखान, उदयराज, ललित, त्रिलोचन गौतम, मनोज, अभिनव सहित 12 कर्मियों को पदक दिया गया है। जेल स्टाफ में डिप्टी जेलर प्रिय कुमार मिश्र, हेड वार्डर रामेंद्र सिंह को स्वर्ण पदक व वार्डर आशीष दुबे को भी सिल्वर पदक मिला है। ये पदक इन्हें सराहनीय सेवाओं के लिए दिए गए हैं।