दुनिया

अमेरिका में हथियार का आतंक जारी, ताज़ा गोलीबारी में आठ की हुई मौत

संयुक्त राज्य अमेरिका वर्षों से हथियार बनाने और उसे बेचने वाली कंपनियों के आतंक का शिकार बना हुआ है। पूरी दुनिया में आतंकवाद के नाम पर कथित तौर पर लड़ने वाला अमेरिका, स्वयं अपने ही देश में हथियारों के दम पर हर दिन होने वाली आतंकवादी घटनाओं के आगे बेबस नज़र आता है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, अमेरिकी राज्य शिकागो के उपनगर में आठ लोगों की गोली मारकर हत्या करने के संदिग्ध एक व्यक्ति ने ख़ुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई है। स्थानीय पुलिस ने सोमवार देर रात इस घटना की जानकारी दी। इलिनोइस के जोलीट में पुलिस ने फेसबुक पर जानकारी दी कि स्थानीय समयानुसार रात क़रीब साढ़े आठ बजे, रोमियो नेंस को अमेरिकी मार्शलों ने नतालिया, टेक्सास के पास ढूंढा और वहीं नेंस ने ख़ुद को गोली मार ली। बता दें कि अमेरिका में हथियार बनाने और उसे बेचने वाली कंपनियों की लॉबी बहुत ही प्रभावशाली है। इस देश में हर दिन हथियारों की आज़ादी के वजह से दसियों लोगों की जान जाती है, लेकिन हथियार बनाने वाली कंपनियों के प्रभाव की वजह से व्हाइट हाउस में आने वाला कोई भी राष्ट्रपति यह साहस नहीं जुटा पाता कि हथियार बनाने वाली कंपनियों के आतंक को समाप्त कर सके।

टेक्सास में मेडिना काउंटी शेरिफ कार्यालय ने फेसबुक पर जानकारी दी कि एजेंसी को शिकागो में हुई आठ लोगों की हत्या के एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में अज्ञात फोन कॉल से पता चला। इसके बाद एक गैस स्टेशन पर नेंस और विभिन्न एजेंसियों के पुलिस कर्मियों के बीच झड़प हुए और इस दौरान संदिग्ध ने ख़ुद को गोली मार ली। नेंस पर शिकागो के उपनगरों में तीन स्थानों पर आठ लोगों की गोली मारकर हत्या करने का संदेह है, जिसके बाद सोमवार को उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस ने चेतावनी दी थी कि वह अभी भी फरार है और उसे सशस्त्र और ख़तरनाक माना जाना चाहिए।