देश

अमित शाह ने कहा-सदियों पुराने मंदिर, ज़मीन और क़िसानों के घरों को भी वक़्फ संपत्ति घोषित कर दिया गया, हम ‘वक़्फ संशोधन विधेयक ज़रूर लेकर आएंगे’!

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को झारखंड के गिरिडीह में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने कहा कि झारखंड में घुसपैठियों का समय खत्म होने वाला है। भाजपा उन्हें झारखंड से बाहर करेगी। शाह ने वक्फ विधेयक पर भी बात कही और कहा कि उनकी सरकार वक्फ संशोधन विधेयक जरूर लाएगी।

घुसपैठियों को झारखंड से बाहर करेगी भाजपा
रैली के दौरान अमित शाह ने कहा कि ‘मैं घुसपैठियों को बताना चाहता हूं कि हेमंत सोरेन की सरकार जाने वाली है और इसके साथ ही तुम्हारा समय भी झारखंड में खत्म होने वाला है। भाजपा तुम्हें झारखंड से बाहर करेगी। जिसने भी आदिवासियों की जमीनों पर कब्जा किया है, उनके खिलाफ कानून लाया जाएगा।’ शाह ने कहा कि ‘राहुल गांधी की पार्टी कांग्रेस, जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 को वापस लाना चाहती है। कश्मीर हमारा है और कोई भी उसे हमसे नहीं छीन सकता। जब कांग्रेस सत्ता में थी तो पाकिस्तान से लगातार आतंकी हमले होते थे। जब प्रधानमंत्री मोदी ने सत्ता संभाली तो सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक कर आतंकियों का सफाया किया।’

अमित शाह ने कहा कि ‘झारखंड में नक्सलवाद की समस्या थी, उन्होंने झारखंड को बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड को नक्सलवाद से मुक्त किया। झारखंड विधानसभा चुनाव में पहले चरण का मतदान हो चुका है। पहले चरण में झामुमो और कांग्रेस का सफाया होगा।’

‘वक्फ संशोधन विधेयक लेकर आएंगे’
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि वक्फ बोर्ड ने कर्नाटक में एक गांव की जमीन को वक्फ संपत्ति घोषित कर दिया। सदियों पुराने मंदिर, जमीन और किसानों को घरों को भी वक्फ संपत्ति घोषित कर दिया गया। हम वक्फ संशोधन विधेयक लेकर आएंगे, जबकि राहुल गांधी और हेमंत सोरेन इस विधेयक का विरोध कर रहे हैं।

‘झारखंड में लगाए जाएंगे कारखाने’
अमित शाह ने कहा कि ‘हमारा झारखंड पूरे देश में सबसे समृद्ध राज्य है, लेकिन दुर्भाग्य देखिए, झारखंड तो समृद्ध है, झारखंडी गरीब हैं। क्योंकि झामुमो सरकार ने केंद्र सरकार की योजनाओं में भ्रष्टाचार किया है। मैं आज यहां से वादा करता हूं, आप 20 तारीख को कमल के निशान का बटन दबाइए, हम झारखंड में ऐसे कारखाने लगाएंगे, जिससे यहां का युवा दूसरे राज्य में मजदूरी के लिए नहीं जाएगा।’ राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि ‘सोनिया गांधी को अपने बेटे को लॉन्च करने का बड़ा शौक है। सोनिया गांधी ने 20 बार राहुल नाम का प्लेन लॉन्च किया, लेकिन ये लैंड ही नहीं होता है। ये प्लेन, 20 बार क्रैश हो चुका हैं और 21वीं बार भी देवघर एयरपोर्ट पर ये प्लेन क्रैश होने वाला है।’

गिरिडीह में रैली के दौरान एक महिला ने गृह मंत्री अमित शाह को अपने हाथों से बनाया उनका चित्र भेंट किया। दरअसल गृहमंत्री ने जैसे ही महिला को देखा तो उन्होंने मंच से उतरकर खुद महिला के पास जाकर अपना चित्र लिया। वहीं गृहमंत्री का चित्र बनाने वाली महिला ने कहा कि ‘उन्हें इस बात की बहुत खुशी है कि गृहमंत्री ने खुद आकर अपना चित्र लिया। मैंने कभी नहीं सोचा था कि वे गिरिडीह आएंगे।