“हिंदी सिनेमा में ‘शॉटगन’ के नाम से मशहूर दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने अपनी दमदार अदाकारी के दम पर बड़े से बड़े सितारों को खामोश कर दिया। फिल्मी बैकग्राउंड से ताल्लुक नहीं रखते हुए भी उन्होंने सिनेमा जगत में अपने शानदार अभिनय का परचम लहरा दिया, जो शायद फिल्मी बैकग्राउंड से आने वाले सितारों के बस की भी बात नहीं। उन्होंने बतौर विलेन अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी, लेकिन उन्हें हीरो से ज्यादा पसंद किया जाता था। हालांकि, अभिनेता इंडस्ट्री में हीरो बनने का सपना लिए आए थे, लेकिन एक खास वजह से वह इंडस्ट्री के लोकप्रिय खलनायक बन गए।
शत्रुघ्न सिन्हा का जन्म 15 जुलाई, 1945 को बिहार की राजधानी पटना में हुआ था। अभिनेता के पिता एक डॉक्टर थे, जिनके चार बेटे हैं। उनके परिवार में सभी का नाम रामायण के आधार पर रखा गया था। ऐसे में उन्होंने अपने चारों बेटों का नाम राम, लखन, भरत और शत्रुघ्न रखा। पढ़ाई की बात करें तो अभिनेता ने पटना साइंस कॉलेज से ग्रेजुएट की और उसके बाद अपने दोस्त के बताने पर एफटीआईआई से पढ़ाई की। अभिनेता जहां रहते थे, वहां कोई फिल्मी जगत से जुड़ा व्यक्ति नहीं था, बावजूद इसके उनका झुकाव अभिनय की ओर हुआ। बस फिर क्या था, वह हीरो बनने का सपना लिए मायानगरी की ओर चल दिए।
हीरो बनने का सपना लिए मुंबई पहुंचे शत्रुघ्न को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कोई भी उन्हें काम देने को तैयार नहीं था। दरअसल, इसका कारण था उनके गाल पर बना कट का निशान। निर्देशक और निर्माता उनके साथ काम करने को तैयार नहीं थे। काफी रिजेक्शन के बाद अभिनेता निराश हो गए और प्लास्टिक सर्जरी का पूरा मन बना लिया था, लेकिन मशहूर सुपरस्टार रहे देव आनंद ने उन्हें ऐसा करने से रोक लिया और समझाया कि इस निशान को अपनी कमजोरी नहीं बल्कि, ताकत बनाएं। बस फिर क्या था शत्रुघ्न ने प्लास्टिक सर्जरी का इरादा बदल लिया और इस कट को अपनी ताकत बनाने का फैसला किया।
https://twitter.com/i/status/1765582008149811326