देश

अगर आपको ऐश्वर्या राय जैसी आंखें चाहिए, तो रोज मछली खाएं : भाजपा के मंत्री

महाराष्ट्र में भाजपा के एक मंत्री ने सुंदर आंखों के लिए अजीबो-गरीब दावा किया है। उनका कहना है कि अगर आपको ऐश्वर्या राय जैसी आंखें चाहिए, तो रोज मछली खाएं। अब इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

क्या है मामला?
धुले जिले के अंतुरली में आदिवासी मछुआरों को मछली पकड़ने की सामग्री वितरित करने के लिए एक कार्यक्रम चल रहा था। इस अवसर पर राज्य की शिंदे सरकार के जनजातीय विकास मंत्री डॉ. विजय कुमार गावित मछुआरों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक विवादित टिप्पणी की। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

क्या कह गए मंत्री जी?
वीडियो में मंत्री को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि जो लोग रोजाना मछली खाते हैं, उनकी त्वचा चिकनी हो जाती है और उनकी आंखें चमकने लगती हैं। अगर कोई आपकी तरफ देखेगा तो वह आपकी ओर आकर्षित हो जाएगा। उन्होंने कहा कि क्या मैंने आपको ऐश्वर्या राय के बारे में बताया? वह मंगलुरु में समुद्र तट के पास रहती थीं। वह रोजाना मछली खाती थीं। क्या आपने उसकी आंखें देखी हैं? आपके पास भी उसके जैसी आंखें होंगी। उन्होंने कहा कि मछली में कुछ तेल होते हैं, यह आपकी त्वचा को मुलायम बनाती है। 68 वर्षीय मंत्री की बेटी हीना गावित भाजपा की लोकसभा सांसद हैं।

बयान के बाद निशाने पर आए
बयान पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक अमोल मिटकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मंत्री को इस तरह की टिप्पणियां करने के बजाय आदिवासियों के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। वहीं, भाजपा विधायक नितेश राणे ने कहा कि मैं रोज मछली खाता हूं। मेरी आंखें वैसी हो जानी चाहिए थीं। मैं गावित साहब से पूछूंगा कि क्या इस पर कोई शोध है?