उत्तर प्रदेश राज्य

वाराणसी : विदाई के समय नई-नवेली दुल्हन गहने लेकर भाग गयी!

वाराणसी। बड़ागांव थानाक्षेत्र के हसनपुर गांव में बीती रात शादी समारोह संपन्न होने के उपरांत विदाई के समय नई-नवेली दुल्हन आभूषण के साथ गायब हो गई। दिन में काफी देर तक इंतजार करने के बाद वर पक्ष के लोगों ने दुल्हन पक्ष के खिलाफ धोखा देने का आरोप लगाते हुए थाने पर प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, भदोही के औराई थानांतर्गत रतना गांव से एक बरात दूल्हे की शादी करने के लिए बड़ागांव थानाक्षेत्र के हसनपुर गांव में आई थी। रात तीन बजे तक शादी विवाह के सारे रस्म पूरे हुए। सिंदूर दान के बाद जब दुल्हन की विदाई का समय आया तो वह गायब हो गई।

सुबह 10 बजे तक दूल्हा पक्ष के लोग दुल्हन का इंतजार करते रहे, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। पिता इंद्रजीत कुमार ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि विदाई के समय दुल्हन मेरे द्वारा दिए गए लगभग चार लाख रुपये के आभूषण लेकर अपने भाई के साथ फरार हो गई। वहीं, दुल्हन पक्ष के लोग इस घटना के संबंध में कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।