दुनिया

रूस और अमेरिका, रियाज़ में बातचीत कर रहे हैं : रूस ने ईरान की अमेरिका से परमाणु वार्ता में चीन के साथ अपने देश की मौजूदगी को ज़रूरी क़रार दिया!

पार्सटुडे- रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने ईरान की परमाणु वार्ता में चीन के साथ अपने देश की मौजूदगी को ज़रूरी क़रार दिया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने घोषणा की है कि उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर चर्चा के लिए तेहरान को एक पत्र भेजा है जबकि ट्रम्प खुद अपने पहले कार्यकाल के दौरान जेसीपीओए नामक ईरान के परमाणु समझौते से एकपक्षीय रूप से निकल गए थे।

पार्सटुडे के अनुसार, रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़ाखारोवा ने कहा: जेसीपीओए का भाग्य और ईरान के परमाणु कार्यक्रम के संबंध में बहुपक्षीय प्रयासों की संभावनाएं, रूस और चीन की भागीदारी के बिना निर्धारित नहीं की जा सकती हैं और उन्हें निश्चित रूप से बाहर से तय नहीं किया जा सकता है। मारिया ज़ाख़ारोवा ने कहा: मॉस्को, ईरान के परमाणु समझौते के मुद्दे पर सभी पक्षों के साथ रचनात्मक बातचीत के लिए तैयार है।

रूस ने फ्रांस को आतंकवादियों के प्रसार का साधन बताया

रूस के बारे में एक अन्य खबर में कहा गया है कि आतंकवाद” में रूस की कथित भूमिका के बारे में फ्रांसीसी सरकार के आरोपों के जवाब में मारिया ज़ाखारोवा ने एक बयान जारी कर कहा: फ्रांस खुद आतंकवादियों के प्रसार का एक उपकरण बन गया है।

इस रूसी राजनयिक ने कहा: मॉस्को हमेशा आतंकवाद के सभी रूपों और प्रतीकों की कड़ी निंदा करता है, भले ही आतंकवादी कृत्य कब, कहां और किसके द्वारा किए गए हों।

यूरोपीय परिषद ने रूस के ख़िलाफ़ प्रतिबंध तेज़ करने की चेतावनी दी

दूसरी ओर, यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के नेताओं ने गुरुवार को घोषणा की कि यूक्रेन युद्ध के अंत तक यूरोप में रूसी संपत्तियों को अवरुद्ध कर दिया जाएगा, और अगर मास्को युद्धविराम प्रस्ताव का विरोध करता है, तो इस देश के खिलाफ अधिक और भारी प्रतिबंध लागू कर दिए जाएंगे।

इस बयान में 27 यूरोपीय देशों के नेताओं ने एक बार फिर यूक्रेन के लिए अपने “दृढ़ समर्थन” पर जोर दिया और घोषणा की कि वे यूक्रेन को सैन्य, वित्तीय और मानवीय सहायता प्रदान करना जारी रखेंगे।

रूस और अमेरिका, रियाज़ में बातचीत कर रहे हैं

रूस के ख़िलाफ़ प्रतिबंध कड़े करने की यूरोपीय अधिकारियों की चेतावनी ऐसे समय में आई है कि जब रूसी राष्ट्रपति विलादिमीर पुतिन के सहायक यूरी उशाकोव ने कहा: यूक्रेन के संबंध में मास्को और वाशिंगटन के बीच वार्ता सोमवार, 24 मार्च को रियाज़ में होगी।

यूक्रेन और रूस ने 175 युद्धबंदियों का आदान-प्रदान किया

इस दौरान, रूस के रक्षा मंत्रालय ने एलान किया है कि यूक्रेनी पक्ष के साथ बातचीत के बाद, 175 रूसी सैनिकों को यूक्रेन द्वारा नियंत्रित क्षेत्रों से रिहा कर दिया गया और वे अपने ठिकानों की ओर वापस लौट आए हैं। मॉस्को ने 175 यूक्रेनी युद्धबंदियों के साथ-साथ इस देश के 22 अन्य सैनिकों को भी कीव को सौंप दिया है जो गंभीर रूप से घायल थे।