देश

राहुल गांधी “पलायन रोको नौकरी दो यात्रा” में शामिल होने के लिए बेगूसराय के सुभाष चौक पर पहुंचे, कहा-नौजवानों को ‘न्याय का हक़’ दिलाकर रहेंगे!

पटना/ बेगूसराय। संविधान सुरक्षा सम्मेलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि अगर आप संविधान को पकड़ते हैं तो सच्चाई की विचारधारा को पकड़ते हैं। लेकिन क्या इसमें सावरकर जी की विचारधारा है? नहीं है। क्योंकि वो सच्चाई का सामना नहीं कर सके। यह बात मुझे कहनी होगी, भले ही किसी को बुरा लगे। उन्होंने कहा कि इस देश में अगर आप दलित, आदिवासी, पिछड़े वर्ग, ईबीसी, और महिला हो तो आप सेकेंड क्लास सिटीजन हो। यह मैं ऐसे ही नहीं पढ़ लिखकर बोल रहा हूं।

‘देखो-देखो कौन आया, हिन्दुस्तान का शेर आया’
पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल राहुल गांधी पहुंचे। यहां पर उनका भव्य स्वागत किया गया। राहुल जैसे ही मंच पर पहुंचे वैसे ही समर्थक उनके समर्थन में नारेबाजी करने लगे। समर्थक ‘देखो-देखो कौन आया, हिन्दुस्तान का शेर आया’ के नारे लगा रहे हैं। इसके बाद मंच पर राहुल को गदा और गौतम बुद्ध की तस्वीर देकर सम्मानित किया गया।

पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में कुछ ही देर में राहुल गांधी पहुंचने वाले हैं। , नमक सत्याग्रह आंदोलन की 95वीं वर्षगांठ के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित की गई है। इसमें नोनिया समाज के अमर शहीद बुद्धु नोनिया के योगदान के साथ ही शहीद प्रजापति रामचंद्र जी विद्यार्थी का स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और वर्तमान में अति पिछड़ा समाज की दशा और भारतीय संविधान पर बात हो रही है। इसके अलाव समाज में जगजीवन राम के योगदान पर भी चर्चा होगी।

पदयात्रा के बाद पटना रवाना हुए राहुल गांधी
राहुल गांधी “पलायन रोको नौकरी दो यात्रा” में शामिल होने के लिए बेगूसराय के सुभाष चौक पर पहुंचे। यहां से राहुल गांधी पैदल ही सुभाष चौक से लेकर हर हर महादेव चौक तक यात्रा में शामिल हुए। हजारों की संख्या में लोग उनके स्वागत में जुटे हुए थे। जगह-जगह राहुल गांधी को फूल बरसा कर उनका स्वागत किया। यह पदयात्रा कन्हैया के नेतृत्व में की गई थी। वहीं राहुल गांधी को देखने के लिए लोगों की काफी भीड़ लगी हुई थी। यात्रा में शामिल होने के बाद राहुल गांधी बेगूसराय से पटना के लिए रवाना हो गए।


कांग्रेस बोली- राज्य के नौजवानों को ‘न्याय का हक’ दिलाकर रहेंगे
पदयात्रा के दौरान ही कांग्रेस पार्टी की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया कि आज राहुल गांधी ने ‘पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा’ में कदमताल कर यात्रा के संदेश को मजबूती के साथ बुलंद किया। बिहार के युवाओं को पलायन नहीं, उन्हें खुद के प्रदेश में रोजगार मिले। यह हमारी यात्रा का लक्ष्य है। यह यात्रा बिहार के संघर्ष की आवाज और उम्मीद है। हम वर्षों से अन्याय झेल रहे राज्य के नौजवानों को ‘न्याय का हक’ दिलाकर रहेंगे।

राहुल गांधी के ऊपर फूलों की बारिश
राहुल गांधी के साथ हजारों कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और समर्थक चल रहे हैं। समर्थक राहुल गांधी के ऊपर फूलों की बारिश कर रहे हैं। राहुल गांधी लोगों का अभिनंदन स्वीकार कर रहे हैं। उनके साथ कन्हैया कुमार भी मौजूद हैं।

कांग्रेस में नंबर वन की हैसियत वाले नेता राहुल गांधी बेगूसराय पहुंच चुके हैं। सुभाष चौक पर कन्हैया कुमार ने कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ उनका स्वागत किया। राहुल गांधी की अपील पर कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सफेद टी-शर्ट पहनी है।

कन्हैया बोले- प्रगति के लिए इस यात्रा में साथ चलें
कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार भी पदयात्रा में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि कुछ ही देर में “पलायन रोको नौकरी दो यात्रा” में शामिल होने के लिए हमारे नेता और देश में विपक्ष की सबसे मजबूत आवाज राहुल गांधी आ रहे हैं। आप सभी लोग बिहार में नौकरी, शिक्षा और उन्नति-प्रगति के लिए इस यात्रा में साथ चलें। राहुल जी की अपील है कि अपनी हुंकार दर्ज करवाने के लिए यात्रा में सफेद टी-शर्ट पहन कर आइये और सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाइये।

कांग्रेसियों ने शुरू की पदयात्रा
बेगूसराय के आईटीआई मैदान से “पलायन रोको रोजगार दो” पदयात्रा शुरू हो चुकी है। क्रांगेस कार्यकर्ताओं की काफी भीड़ दिख रही है। घोड़ा, अंग्रेजी बाजा, सेना भर्ती पेंडिंग अभ्यर्थियों सहित जिले के कांग्रेसियों ने यात्रा शुरू की। कुछ देर में राहुल गांधी बेगूसराय पहुंचेंगे।

राहुल गांधी की पदयात्रा में शामिल होने के बाद दोपहर एक बजे जुबली ढाबा के पास कन्हैया कुमार प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। इधर, राहुल गांधी की अपील पर उनके समर्थक सफेद टी-शर्ट पहनकर आएं हैं। यह सभी लोग राहुल गांधी की पदयात्रा में शामिल होंगे।