संवाद न्यूज एजेंसी, मैनपुरी। मैनपुरी के बिछवां में आर्थिक तंगी से परेशान बुजुर्ग ने मंगलवार सुबह घर के पास घेर में फंदे से लटककर जान दे दी। शव छप्पर में बांस से प्लास्टिक की रस्सी से लटका मिला। पुलिस को परिजन ने बताया कि सीताराम (70) आर्थिक रूप से परेशान थे। उन पर लगभग साढ़े तीन लाख रुपये का कर्ज था। छोटा बेटा खेत पर गेहूं की बाली बीनने गया था। तभी उन्होंने सुबह के समय यह कदम उठा लिया। परिजन ने फंदे पर लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष आशीष दुबे दलबल के साथ पहुंचे। शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ भोगांव सत्यप्रकाश शर्मा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की। सीओ सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।
चारों बच्चों की कर चुके थे शादी
सीताराम के परिवार में पत्नी और चार बच्चे हैं, इनमें दो बेटे और दो बेटियां हैं। सभी की शादी कर दी है। बेटे पिता के साथ ही खेती का काम करते थे। सीताराम को लेकर गांव के लोगों ने बताया कि वह धार्मिक प्रवृत्ति के थे। समाजसेवा के लिए गर्मियों के दिनों में प्याऊ लगाते थे, खुद ही लोगों को जल पिलाते थे।